• Mon. Nov 2nd, 2026

25 फीट गहरी खाई में गिरी मर्सिडीज, सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, डायल 112 की टीम ने अंधेरे में खाई में उतरकर सभी को सुरक्षित निकालाज्मुंबई से लखनऊ जा रहा था परिवार

BySurendra Jain

Nov 2, 2026

खबर पक्की, 2 नवंबर, रतलाम। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर रविवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। मुंबई से लखनऊ जा रही मर्सिडीज कार अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बनी करीब 25 फीट गहरी खाई में जा गिरी। कार में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे सवार थे। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम ने जान जोखिम में डालकर खाई में उतरते हुए चारों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
हादसा डीडी नगर थाना क्षेत्र में पलसोड़ी के पास धामनोद टोल से करीब 2 से 3 किलोमीटर आगे रात लगभग 3.30 बजे हुआ। कार में दीपरंजन पांडे (42), उनकी पत्नी रंजना पांडे (38), बेटी आयशा (12) और बेटा आवेश (9) सवार थे। सभी मुंबई से लखनऊ जा रहे थे।
नींद की झपकी आने से हुआ हादसा, कार के दरवाजे पर लात मारकर निकले बाहर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार चला रहे दीपरंजन पांडे को संभवत: नींद की झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर दोनों सड़कों के बीच बनी करीब 25 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद दीपरंजन ने हिम्मत दिखाते हुए कार के दरवाजे पर लात मारकर उसे खोला और बाहर निकले। इसके बाद उन्होंने पत्नी और दोनों बच्चों को भी कार से बाहर निकाला और डायल 112 पर सूचना दी।
अंधेरे में तलाशती रही पुलिस, वॉट्सएप लोकेशन से पहुंची टीम
सूचना मिलते ही डीडी नगर थाने की चीता-3 टीम के कॉन्स्टेबल सुनील डाबर, डायल 112 के कॉन्स्टेबल आर्यन रघुवंशी और पायलट नईम खान मौके के लिए रवाना हुए।
रात का समय और घना अंधेरा होने के कारण घटनास्थल तलाशने में पुलिसकर्मियों को परेशानी हुई। जवानों ने आसपास के क्षेत्र में खोजबीन की। इसके बाद कार सवारों से वॉट्सएप पर लोकेशन मंगवाई गई। लोकेशन मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल तक पहुंची।
खाई में उतरने का कोई रास्ता नहीं था। इसके बावजूद पुलिस जवान करीब 25 फीट नीचे उतरे और एक-एक कर चारों लोगों को हाथ पकड़कर सुरक्षित बाहर निकाला। इसी दौरान एनएचएआई की एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। चारों घायलों को एंबुलेंस से रतलाम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उन्हें भर्ती कराया गया।
महिला और बेटे को चोटें, पिता-बेटी सुरक्षित
डीडी नगर थाना चीता-3 के कॉन्स्टेबल सुनील डाबर के अनुसार हादसे में मर्सिडीज कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पूछताछ में चालक को नींद की झपकी आने की बात सामने आई है। हादसे में रंजना पांडे और उनके बेटे आवेश को चोटें आई हैं, जबकि दीपरंजन और उनकी बेटी आयशा सुरक्षित हैं। महिला ने सीट बेल्ट लगा रखी थी।

You missed

error: Content is protected !!