• Mon. Aug 17th, 2026

बीजेपी विधायक आकाश विजयवर्गीय की बढ़ी मुश्किलें, पार्टी की अनुशासन समिति ने जारी किया कारण बताओ नोटिस

BySurendra Jain

Jul 4, 2019

खबर पक्की: 4 जुलाई नई दिल्ली, बीजेपी की अनुशासन समिति ने इंदौर के विधायक आकाश विजयवर्गीय को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। आकाश विजयवर्गीय ने बीते महीने नगर निगम के कर्मचारी की सरेआम बल्ले से पिटाई कर दी थी। आकाश के इस व्यवहार से पूरे देश की सियासत में हलचल मच गई थी और पीएम मोदी ने भी इस घटना पर नाराजगी जाहिर की थी। नाराज पीएम ने भाजपा संसदीय दल की बैठक के दौरान साफ कर दिया था कि आकाश विजयवर्गीय का व्यवहार अस्वीकार्य है और उनके खिलाफ कार्रवाई करनी होगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसदों से कहा था, ‘अगर हमें एक विधायक खोना पड़ता है, तो यही सही।ऐसा दोबारा होने से रोकने के लिए हमें उदाहरण प्रस्तुत करना होगा।
निगम अधिकारी की क्रिकेट बैट से पिटाई किए जाने का जिक्र ‘इंदौर की घटना’ के रूप में करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा था, ‘वह कोई भी हों, किसी के भी पुत्र हों, इस तरह का घमंड और व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जा सकता और उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।’ बताया गया कि प्रधानमंत्री ने आकाश विजयवर्गीय की टिप्पणी ‘निवेदन, आवेदन, दे दनादन’ का भी जिक्र किया, और कहा, ‘यह किस तरह की भाषा है ?
गौरतलब है कि अवैध कब्जों को हटाने के लिए पहुंचे निगम अधिकारी को दौड़ा-दौड़ाकर क्रिकेट बैट से मारते हुए कैमरे में कैद हो जाने के बाद इंदौर से भाजपा के विधायक आकाश विजयवर्गीय को गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद भी आकाश ने पत्रकारों से बातचीत में कहा था, ‘पहले आवेदन, फिर निवेदन और फिर दे दनादन।

You missed

error: Content is protected !!