• Sun. Aug 16th, 2026

मुंबई में भारी बारिश से जन जीवन बेहाल, पालघर में रेलवे ट्रैक पर पानी भरा, कई ट्रेनें प्रभावित

BySurendra Jain

Jul 1, 2019

मुंबई। महाराष्ट्र में आफत की बारिश का दौर जारी है। सोमवार को भी कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। देश की आर्थिक राजधानी भी भारी बारिश की वजह से बेपटरी हो गई है। कई इलाकों में पानी भर गया है। रविवार को हुई जोरदार बारिश के बाद पालघर रेलवे ट्रैक पानी में डूब गया है। इसका असर कई ट्रेनों के संचालन पर भी पड़ा है।
पश्चिमी रेलवे के मुताबिक भारी बारिश के चलते पालघर रेलवे ट्रैक पर पानी जमा हो गया है। इसके चलते मुंबई सेट्रल शताब्दी एक्सप्रेस के संचालन पर असर पड़ा है। इतना ही नहीं कई ट्रेनों को या तो कैंसल कर दिया गया है या उन्हें आंशिक तौर पर रद्द किया गया है।
रेलवे पीआरओ के अनुसार रात में हुई भारी बारिश के बाद आज 13 ट्रेनों को कैंसल कर दिया गया है। हालांकि पानी का स्तर कम होने के बाद सुबह 8 बजे के बाद सभी लोकल ट्रेनों को सुरक्षा के लिहाज से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा से चलाने की अनुमति दी गई है।
मुंबई के सियोन रेलवे स्टेशन और माटुंगा रेलवे स्टेशन के बीच भी भारी बारिश की वजह से ट्रैक पूरी तरह से पानी में डूब गए हैं। भारी बारिश के चलते चार लोकल ट्रेनों को भी रद्द किया जा चुका है।
मुंबई में जारी भारी बारिश का असर जन जीवन पर भी पड़ा है। शहर के कई मुख्य इलाकों में सड़कें तालाब बन चुकी हैं। इससे परिवहन भी प्रभावित हुआ है।

You missed

error: Content is protected !!