रतलाम। चालू खरीफ मौसम में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े कृषि तथा सहकारिता विभाग किसानों को खाद, बीज तथा कृषि आदान उपलब्ध कराने का कार्य अभियान संचालित करके पूरा करें यह निर्देश प्रदेश के किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री सचिन यादव ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए। इस बैठक में विधायक सैलाना हर्ष विजय गेहलोत, विधायक रतलाम शहर चेतन्य कश्यप, विधायक आलोट मनोज चावला, विधायक जावरा डॉक्टर राजेंद्र पांडे, विधायक रतलाम ग्रामीण दिलीप मकवाना, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमेश मईडा, राजेश भरावा, राजेंद्र सिंह लुनेरा, प्रभारी कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, अपर कलेक्टर जितेन्द्र सिंह चौहान, सुश्री निशा डामोर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत बाकलवार तथा अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि किसान को खरीफ मौसम में उसकी जरूरत का खाद, बीज मुहैया कराना सुनिश्चित करें। सहकारिता विभाग दल गठित करें जो प्रत्येक सहकारी समिति की जांच करके किसान कर्ज माफी संबंधी कोई भी त्रुटि हो तो उसे दूर करेगी। बताया गया कि जिले में प्रथम चरण में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक तथा राष्टीयकृत बैंको के अन्तर्गत 63 हजार 527 किसानों को 229 करोड़ 11 लाख रूपए कर्ज माफी लाभ दिया गया है। खरीफ 2018, रबी 2018-19 एवं जय किसान फसल ऋण माफी योजना के तहत पात्रताधारी किसानों की देय तिथि अब आगामी 30 जून कर दी गई है। ग्राम मण्डावल में सहकारी समिति के कर्मचारी द्वारा किसान को ऋण माफी प्रमाण पत्र मिलने के बाद भी नोटिस दिए जाने की जानकारी पर प्रभारी मंत्री ने सम्बंधित व्यक्तियों के विरूद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए।
विधायक आलोट मनोज चावला के लसूडिया सहकारी समिति में गड़बड़ी के ध्यानाकर्षण पर प्रभारी मंत्री ने उपायुक्त सहकारिता को निर्देशित किया कि सहकारी समितियों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी जो लोग भी ऐसा कार्य कर रहे हैं उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। सहकारिता निरीक्षकों को सक्रिय करे, जिन किसानों को ऋण माफी प्रमाण पत्र यदि नहीं मिले हैं तो तत्काल मुहैया करवाए जाए। विधायक चेतन्य कश्यप तथा डॉक्टर राजेंद्र पांडे के ध्यानाकर्षण पर जिला पंचायत के अतिरिक्त सीईओ को निर्देशित किया कि निशक्त जोड़ों के विवाह पंजीयन संबंधी सम्मेलनों की जानकारी नियमित समय सीमा में विधायकगणों को दी जाए। इन सम्मेलनों में अधिकाधिक हितग्राही सम्मिलित हो।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में प्रभारी मंत्री श्री यादव ने कार्यपालन यंत्री श्री वर्मा को निर्देशित किया कि जिले में जो भी नल जल योजनाएं बंद हैं उनके बंद होने का कारण आगामी बैठक में स्पष्ट रूप से बताएं। इस संबंध में विधायक सैलाना हर्ष विजय गहलोत तथा अन्य विधायकों द्वारा चर्चा पर प्रभारी मंत्री ने कार्यपालन यंत्री जल संसाधन को निर्देशित किया कि नल जल योजनाओं के लिए उन स्थानों का सर्वेक्षण करवाया जाए जहां बांध बनवा कर नल जल योजनाओं के लिए पानी उपलब्ध हो सकता है। इसके अलावा रतलाम जिले में मंदसौर के गांधी सागर बांध से जल उपलब्धता के लिए प्रस्ताव तथा आवश्यक जानकारी देने के निर्देश कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी को दिए गए।
प्रभारी मंत्रीसचिन यादव ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, जिले में अभियान संचालित कर किसानों को खाद बीज व आदान उपलब्ध करवाए जाए
