• Fri. Aug 14th, 2026

प्रियंका का रोड शो जारी, जबर्दस्त उत्साह

BySurendra Jain

May 13, 2019

इंदौर। इंदौर से कांग्रेस प्रत्यशी पंकज संघवी के समर्थन में रोड शो करने पहुंची प्रियंका गांधी वाड्रा तय समय से सवा घंटे देरी से पहुंची। 4.30 बजे शुरू होने वाला रोड शो करीब पौने 6 बजे शुरू हुआ। उनके साथ मुख्यमंत्री कमलनाथ और सरकार के मंत्री भी मौजूद हैं। रोड शो के दौरान सैकड़ों की संख्या में लोग उनके साथ चल रहे हैं। प्रियंका के स्वागत के लिए मंच पर चढ़ने कांग्रेस नेताओं की जबर्दस्त भीड़ नजर आ रही है। यात्रा के मद्देनजर करीब दो घंटे पहले से ही कांग्रेस के नेताओं ने व्यवस्थाएं संभाल ली थी और वे पूरे समय जायजा लेते रहे। राजमोहल्ला से राजवाड़ा तक प्रियंका के इस रोड शो के लिए कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बता दें कि इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी इंदौर में रोड शो कर चुके हैं।
प्रियंका के स्वागत के लिए राजमोहल्ला से राजवाड़ा तक 100 से अधिक मंच लगाए गए हैं, जिनसे कांग्रेस की इस स्टार प्रचारक का जोरदार स्वागत किया जा रहा है। रोड शो के जरिए प्रियंका लगभग 2 किलोमीटर का फासला तय करेंगी। फूलों से सजे मिनी ट्रक पर सवार प्रियंका के साथ मुख्यमंत्री कमलनाथ और कांग्रेस प्रत्याशी पंकज संघवी मौजूद हैं। शहीद भगतसिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद यात्रा प्रारंभ हुई।
प्रियंका गांधी वाड्रा के रोड शो के दौरान एसपीजी ने तीन स्तरीय घेरा बनाया। इसमें एक घेरा एसपीजी का व दो घेरे पुलिस के हैं। सुरक्षा के मद्देनजर आम लोगों को लगभग आठ से दस फीट दूर रखा जा रहा है।
बता दें कि 19 मई को लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में मध्य प्रदेश की 8 लोकसभा सीटों के लिए वोटिंग होनी है। मालवा-निमाड़ की 8 सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए कांग्रेस ने पूरी ताकत लगा दी है। इसके मद्देनजर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का रोड शो आयोजित किया जा रहा है। ये पहला मौका है जब प्रियंका इंदौर आई हैं। प्रियंका के इस रोड शो की शुरुआत राजमोहल्ला चौराहे से हुई। यहां उन्होंने भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद रोड-शो मालगंज, नृसिंह बाजार, बॉम्बे बाजार, यशवंत रोड गुरुद्वारा से गुजर रहा है। इसके बाद प्रियंका का काफिला राजवाड़ा पहुंचेगा जहां एक छोटी सभा होगी।
रोड शो में शामिल होने से पहले प्रियंका गांधी जब एयरपोर्ट से राजमोहल्ला पहुंच रही थी, उसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे खड़े लोगों पर पड़ीं। प्रियंका ने रामचंद्र नगर में अपनी गाड़ी रुकवाई और उतरकर खुद लोगों के बीच पहुंची और उनसे मिलीं। लोग भी उन्हें अपने बीच पाकर बेहद खुश नजर आए। ये मुलाकात हालांकि कुछ ही मिनटों की रहीं और वे तुरंत कार में बैठकर राजमोहल्ला के लिए रवाना हो गई।

You missed

error: Content is protected !!