लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने कार्यकाल का 100 दिन पूरा करने पर मंगलवार एक श्वेत पत्र जारी किया। प्रेस काफ्रेंस कर उन्होंने अपने कार्यकाल के 100 दिनों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखा। कहा- यूपी की सड़कें गड्ढा मुक्त हुईं है। उन्होंने प्रदेश को माफिया और गुंडा से मुक्त कराने का संकल्प भी व्यक्त किया।
योगी ने कहा कि वर्तमान सरकार ने छोटे से कार्यकाल में काफी काम किया है। 29 मार्च, 2017 को सरकार ने अपना काम काज संभाला था। उन्होंने कहा कि किसी के लिए भी 100 दिनों का समय छोटा-सा कार्यकाल है, लेकिन उनकी सरकार ने इस चुनौती को स्वीकार किया है। कहा- हमें अपनी सरकार की उपलब्धियों पर संतोष महसूस हो रहा है। यह पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मभूमि और कर्मभूमि है। योगी ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र की मोदी सरकार के रास्ते पर चल रही है। यूपी सरकार भी ‘सबका साथ-सबका विकास’ के सिद्धांत पर चल रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में यूपी की हालत खराब हो गयी थी। उनकी सरकार आम जनता के कल्याण के लिए काम कर रही है। यह सरकार बिना किसी भेदभाव के काम कर रही है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार भोजन, सड़क, आवास, पेयजल के साथ ही कानून व्यवस्था और शिक्षा व्यवस्था को सुधारने की दिशा में भी काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्ना किसानों को अब तक 22,517 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है. उनकी सरकार ने पहली कैबिनेट में ही किसानों का कर्ज माफ कर दिया. इससे 86 लाख किसानों को फायदा हुआ। किसानों की कर्जमाफी पर राज्य सरकार के खजाने पर 36,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ा, लेकिन सरकार ने किसान हित में यह किया।
योगी ने कहा कि राज्य सरकार ने 1.21 लाख किलोमीटर सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का फैसला किया है। 14 अप्रैल से सभी जिला मुख्यालयों को 24 घंटे बिजली, ग्रामीण क्षेत्रों को 18 घंटे बिजली शुरू की गयी है। 24 घंटे अबाध बिजली आपूर्ति कैसे सुनिश्चित हो सके, इस दिशा में भी सरकार प्रयासरत है।
अर्धकुंभ से पहले साफ होगी गंगा
योगी ने कहा कि भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या, शाकुंभरी देवी जैसे कई धार्मिक स्थलों को 24 घंटे बिजली देने का निर्णय लिया गया है. कैलास मानसरोवर जानेवाले यात्रियों के लिए मदद को दोगुना किया गया. इसके लिए गाजियाबाद में कैलाश मानसरोवर भवन भी बनाया जायेगा. उन्होंने कहा कि अर्द्धकुंभ 2019 से पहले गंगा को स्वच्छ करने का काम युद्ध स्तर पर जारी है. केंद्र के साथ मिल कर गंगा को साफ किया जा रहा है.
भू–माफिया के खिलाफ की गयी कार्रवाई
राज्य सरकार ने भू-माफिया के विरुद्ध एंटी भू-माफिया स्क्वाड का गठन किया गया है. इसके तहत कई हेक्टेयर भूमि मुक्त भी करकायी जा चुकी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में वीआइपी कल्चर को खत्म किया गया है.
एंटी रोमियो दस्ते के गठन के बाद सुरक्षित हुई महिलाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार काम कर रही है. इसके तहत एंटी रोमियो दस्ते का गठन किया गया. इसके साथ ही कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ भी काम किया जा रहा है. महिला हेल्पलाइन 181 का संचालन किया जा रहा है. योगी ने कहा कि एंटी रोमियो स्क्वायड के गठन के बाद महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं.
योगी ने गिनायी अपनी उपलब्धियां
- जेवर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए केंद्र से मंजूरी दी गयी है.
- योग दिवस पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन लखनऊ में किया गया.
- स्वच्छ भारत अभियान के तहत अक्टूबर, 2018 तक उत्तर प्रदेश को खुले में शौच मुक्त करने का लक्ष्य किया गया है.
- मेरठ, सहारनपुर, रायबरेली, रामपुर को भी स्मार्ट सिटी में शामिल कराने की कोशिश की जा रही है.
- स्कूली बच्चों को ड्रेस, पुस्तकें उपलब्ध करायी जायेंगी.
- योगी ने कहा कि युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से नौकरी देने पर जोर दिया जा रहा है.
- बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के साथ पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे भी बनाया जायेगा.
- लखनऊ मेट्रो का संचालन जल्द शुरू होगा. मेरठ समेत कई शहरों में मेट्रो रेल की सेवा शुरू होगी.
