• Thu. Aug 13th, 2026

कलेक्टर के साथ दौड़े शहरवासी, मतदाता जागरुकता के लिए हुआ मिनी मैराथन का आयोजन  

BySurendra Jain

May 4, 2019
शाजापुर। लोकसभा निर्वाचन के लिए शत-प्रतिशत मतदान के लिए जिले में विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही है। इसके तहत शुक्रवार को कलेक्टर श्रीकांत बनोठ के नेतृत्व में मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ कलेक्टर श्री बनोठ ने हरी झण्डी दिखाकर किया। रैली में कलेक्टर ने स्वयं भाग लेकर प्रतिभागियां के साथ दौड़ लगाई। मिनी मैराथन स्थानीय स्टेडियम प्रांगण से प्रारंभ होकर ट्रेफिक पाईंट होते हुए नई सड़क से आजाद चौक पर संपन्न हुई।
रैली के समापन अवसर पर कलेक्टर ने शाजापुर के मतदाताओं से अनुरोध किया कि लोकतंत्र का त्यौहार निर्वाचन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं। मजबूत लोकतंत्र के लिए आवश्यक है कि सभी मतदाता मतदान करें। उन्होंने बताया कि इस बार शाजापुर जिले में 80 प्रतिशत से उपर मतदान का प्रतिशत रखने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लोकतंत्र के महापर्व में सभी को सक्रिय भूमिका निभाना चाहिये। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता बिना किसी दबाव या प्रलोभन के साथ नैतिक मतदान करें। इसके पूर्व रैली के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर श्री बनोठ ने सभी प्रतिभागियों को आने वाली 19 मई को लोकसभा के निर्वाचन में मतदान करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उमावि शाजापुर की दसवी की छात्रा कुमारी बुशरा ने मतदाताओं को जागरूक करने के लिए गीत सुनाया। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने मतदाताओं की जागरूकता के लिए चेहरे एवं हाथों पर टेटू बनवाए। समापन अवसर पर जिला पंचायत सीईओ एवं नोडल अधिकारी स्वीप क्षितिज सिंघल ने रैली में भाग लेने के लिए शाजापुर के मतदाताओं का आभार माना। उन्होंने अपील की कि सभी मतदाता स्वयं मतदान करें और अपने परिवार के सदस्यों और आसपास के निवासियों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। रैली में अपर कलेक्टर नवीत धुर्वे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरएस प्रजापति, अनुविभागीय अधिकारी यूएस मरावी, डिप्टी कलेक्टर जूही गुप्ता, जिला संयोजक निशा मेहरा, सीएमएचओ डॉ. जीएल सोढ़ी, उप संचालक पशु चिकित्सक डॉ. एनएस सिकरवार, कायर्पालन यंत्री पीएचई रवि डेहरिया, नगरपालिका सीएमओ भूपेन्द्र दीक्षित, सहायक नोडल स्वीप आरएस शिप्रे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, खिलाड़ियों, विद्याथिर्यों एवं आमजनों ने हिस्सा लिया।

You missed

error: Content is protected !!