भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान Fani ओडिशा के तट से टकरा चुका है और पुरी पहुंच गया है। इसके यहां पहुंचते ही हवा की रफ्तार 175 किमी प्रतिघंटे से ज्यादा हो गई है और भीषण बारिश हो रही है। तूफान की तबाही का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सड़कों पर कुछ भी नजर नहीं आ रहा है। केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने 1938 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है वहीं ओडिशा में इमरजेंसी नंबर 06742534177 जारी किया गया है।
मौसम विभाग के एडीजी महापात्रा के अनुसार इसकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अगले तीन घंटे यानि 11 बजे तक राज्य में 200 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। फिलहाल पुरी में 175 किमी की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।
वहीं ओडिशा और आसपास के राज्यों में भारी बारिश हो रही है। सुबह 5.30 बजे तक यह तूफान ओडिशा से महज 65 किमी दूर था और इसकी वजह से जहां गोपालपुर में 10 सेमी से ज्यादा तो भुवनेश्वर में 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हो चुकी है। पुरी में तो हवाएं 80 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही हैं।
– ओडिशा के केंद्रपाड़ा में अब तक एक बुजुर्ग की मौत की खबर है। बुजुर्ग की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है।
– मौसम विभाग के अनुसार आंध्र प्रदेश पर से तूफान का खतरा अब टल गया है।
– अगले तीन घंटे में यह कमजोर होगा और हवाओं की रफ्तार 150-160 किमी प्रतिघंटा हो जाएगी।
– पुरी में तूफान की वजह से चर रही हवाओं के वीडियो लगातार सामने आ रहे हैं और इन्हें देखकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे।
– फेनी अगले कुछ घंटों में पश्चिम बंगाल पहुंचेगा और उससे पहले ममता बनर्जी ने अपनी सारी रैलियां स्थगित कर दी हैं वहीं वो खुद खड़गपुर में रहकर स्थिति पर नजर रखेंगी।
