खबर पक्की नई दिल्ली :-भारतीय युवा कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मैं भी चौकीदार’ अभियान के जवाब में सोशल मीडिया पर ‘मैं भी बेरोजगार’अभियान की शुरुआत की है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी (सोशल मीडिया) वैभव वालिया ने बताया कि सोशल मीडिया पर शनिवार को हमने ‘मैं भी बेरोजगार’अभियान की औपचारिक शुरुआत की। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत कुछ घंटों के भीतर ही ट्विटर पर एक लाख से अधिक लोगों ने ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मकसद युवाओं को इस बारे में जागरूक करना है। हम इस अभियान के तहत यह बताना है कि इस सरकार में रोजगार को लेकर कुछ नहीं किया है। सिर्फ मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है।
वालिया ने कहा कि कई रिपोर्ट में यह बात सामने आ चुकी है कि नए रोजगार प़ैदा होने की बजाय इस सरकार में नौकरियां खत्म हो गईं। दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रधानमंत्री और मंत्रियों के स्तर पर पकौड़े तलने और चौकीदार बनने की बात हो रही है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से राफेल मामले में हमला किए जाने के बाद ‘मैं भी चौकीदार’ अभियान की शुरुआत की। इसके तहत उन्होंने औेर मंत्रियों ने ट्विटर पर अपने नाम से पहले ‘चौकीदार’ जोड़ लिए। ध्यान हो कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित विपक्षी दलों द्वारा ‘‘मैं भी चौकीदार हूं” अभियान की आलोचना किए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी के रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि जो लोग पूरे परिवार के साथ जमानत पर हैं और विभिन्न कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं, उन्हें ही इस आंदोलन से परेशानी है।
BJP के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने संवाददाताओं से कहा था कि ‘‘मैं भी चौकीदार हूं” आंदोलन एक बड़ा जन आंदोलन बन गया है। जब यह सोशल मीडिया पर चला तो पूरे दिन ग्लोबल ट्रेंड बना था। 20 लाख लोगों ने इसका ट्वीट किया। इसे सोशल मीडिया और नमो ऐप पर एक करोड़ लोगों ने प्ले किया।
