• Mon. Sep 28th, 2026

दराते खरीदने के बहाने युवक को सुनसान जगह ले गए बदमाश, सोने की बालियां और चांदी की अंगूठी लूटी.. जांच के लिए मौके पर पहुंचे एसपी

BySurendra Jain

Sep 28, 2026

खबर पक्की, 28 सितंबर, रतलाम। सैलाना में दराते खरीदने के बहाने दो लोग एक युवक को सुनसान स्थान पर ले गए और उसके कानों में पहनी सोने की बालियां तथा हाथ की चांदी की अंगूठी निकाल ली। बदमाशों की धमकी से घबराया युवक मौके से भागकर अपनी मां के पास पहुंचा। बाद में थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत की। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी अमित कुमार स्वयं सैलाना पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार पिपलौदा निवासी विष्णु नाम का युवक लोहे के दराते बेचने का काम करता है। 27 सितंबर को सुबह करीब 9 बजे वह अपनी माताजी के साथ दराते बेचने सैलाना गया था। दोपहर करीब 12.30 बजे दोनों बस स्टैंड पर दराते बेच रहे थे। इसी दौरान दो युवक उसके पास पहुंचे और दराते खरीदने की बात कही।
विष्णु ने एक दराते की कीमत 120 रुपये बताई। युवकों ने कहा कि उनके अन्य साथी बोदिना फंटे पर हैं और उन्हें 15 से 20 दराते चाहिए। बातचीत के बाद 110 रुपये प्रति नग के हिसाब से सौदा तय हुआ। इसके बाद विष्णु चार दराते लेकर दोनों युवकों के साथ बोदिना फंटे की ओर चला गया।
युवकों ने बताया कि उनकी गाड़ी राठौर ढाबे के पास खड़ी है। करीब 1.30 बजे जब वे राठौर ढाबे के पास पहुंचे तो आरोप है कि एक युवक ने पीछे से विष्णु के दोनों हाथ पकड़ लिए, जबकि दूसरे ने उसके कानों में पहनी पुरानी सोने की दोनों बालियां और हाथ की अंगुली में पहनी चांदी की अंगूठी निकाल ली। इसके बाद दोनों ने उसे डराया-धमकाया।
घटना से घबराया विष्णु चारों दराते वहीं छोड़कर वापस बस स्टैंड पहुंचा और अपनी मां को पूरी घटना बताई। इसके बाद उसने पिता को फोन कर जानकारी दी और बाद में सैलाना थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी ने सोने की दोनों बालियों और चांदी की अंगूठी की कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जांच के लिए सैलाना पहुंचे एसपी
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी अमित कुमार स्वयं आज सैलाना पहुंचे और पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी देखें। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी अमित कुमार ने सैलाना पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए।

error: Content is protected !!