नईदिल्ली। हरियाणा का एक गांव अब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम से विख्यात हो गया है। खुद गांव के लोगों ने ही अपने गांव को नया नाम दिया है-ट्रंप ग्राम। इस बदलाव के पीछे की कहानी भी कम रोचक नहीं है। दरअसल, हरियाणा के मेवात में 160 परिवारों का गांव मरोड़ा काफी पिछड़ा हुआ है। इस गांव के अधिकांश घरों में शौचालय नहीं था। गांव की बालिकाओं ने सरपंच से शौचालय बनवाने के लिए भी दरकार की। बात आगे बढ़ी तो स्वच्छता के लिए काम करने वाली संस्था सुलभ इंटरनेशनल ने इस गांव को गोद ले लिया। सुलभ इंटरनेशनल ने ही इस गांव में सार्वजनिक और व्यक्तिगत शौचालय बनवाए। सुलभ ने ही इसे ट्रंप ग्राम नाम दिया है। इस गांव के बच्चों को भी अब यह भलींभाती मालूम है कि ट्रंप कौन है और उनका ओहदा क्या है।
