खबर पक्की : रतलाम। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक ए. के. गुप्ता की अध्यक्षता में बुधवार 13 मार्च को क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 150 वीं बैठक प्रधान कार्यालय, चर्चगेट के सम्मेलन कक्ष में सम्पन्न हुई।
इसकी जानकारी देते हुए रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रवक्ता ने बताया कि इस बैठक में मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रमुख मुख्य बिजली इंजीनियर पी. एन. राय ने समिति के सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि हिंदी एक सरल, समृद्ध और सशक्त भाषा है। इसलिए भारत जैसे बहुभाषी देश में सम्पर्क भाषा के रूप में हिंदी एक सफल भूमिका निभा रही है। रेल और हिंदी का बहुत गहरा सम्बंध है। जिस तरह रेलगाड़ी देश के विभिन्न भागों को आपस में जोड़ती है उसी तरह से हिंदी भी देश के विभिन्न प्रदेशों के लोगों के बीच भावनात्मक एकता बनाए रखने में विशेष योगदान दे रही है।
इस बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक आर.एन. सुनकर ने रतलाम मंडल द्वारा राजभाषा के प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में किये गये कार्यों को संक्षेप में बताते हुए कहा कि रतलाम मंडल पर विभिन्न कवियों की प्रेरणाप्रद कविताओं का संकलन तैयार कर उसे पोस्टर रूप में मंडल कार्यालय के सभी अधिकारियों, कार्यालयों, स्टेशनों, रनिंग रूम, लॉबी, यात्री प्रतीक्षालयों आदि में लगाया गया है जो काफी प्रभावी सिद्ध हुआ है। इसके अतिरिक्त सभी विभागों को समय-समय पर राजभाषा में कार्य करने हेतु दिशा-निर्देश जारी किये जाते हैं।
पश्चिम रेलवे की इस बैठक में गृह मंत्रालय के उप निदेशक डॉ. विश्वनाथ झा, पश्चिम रेलवे के प्रमुख विभागाध्यक्ष, मंडल रेल प्रबंधक रतलाम आर.एन. सुनकर एवं अन्य मंडलों के अपर मंडल रेल प्रबंधक और मुख्य कारखाना प्रबंधक उपस्थित थे। गृह मंत्रालय के उप निदेशक ने श्री झा ने रतलाम मंडल द्वारा राजभाषा के क्षेत्र में किये गये उल्लेखनीय कार्यों की काफी सराहना की तथा रतलाम मंडल द्वारा विभिन्न कवियों की कविताओं को स्टेशनों पर पोस्टर रूप में लगाने के कार्य की सराहना करते हुए अन्य मंडलों भी इस प्रकार के कार्य करने का उल्लेख किया। पश्चिम रेलवे के मुख्य राजभाषा अधिकारी पी.एन. राय द्वारा भी रतलाम मंडल राजभाषा विभाग के कार्यों की प्रशंसा करते हुए अन्य मंडलों द्वारा इस कार्य को अपनाने के निर्देश दिये ताकि राजभाषा का सर्वोत्तम प्रचार प्रसार हो सके।
ए.के. गुप्ता, महाप्रबंधक पश्चिम रेलवे एवं अन्य अधिकारियों द्वारा रतलाम मंडल द्वारा तैयार कविताओं के पोस्टर का अनावरण करते हुए महाप्रबंधक महोदय द्वारा रतलाम मंडल राजभाषा विभाग के इस उत्कृष्ट कार्य के लिए रू 10 हजार के सामूहिक पुरस्कार की घोषणा की।
इस बैठक में अपर महाप्रबंधक वी. के. त्रिपाठी, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी संजय सूरी, प्रमुख वित्त सलाहकार श्रीमती उमा रानडे, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अशेष अग्रवाल, प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी मनोज शर्मा, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक राजकुमार लाल, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक जे. पी. पाण्डेय, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक ए. मधुकुमार रेड्डी, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त अजय कुमार सिंह, मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी रविंद्रभाकर तथा मुंबई सेंट्रल मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पाण्डेय सहित अन्य विभाग प्रमुख उपस्थित थे।
पश्चिम रेलवे की क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में रतलाम मंडल के कार्यों की सराहना, राजभाषा विभाग रतलाम को 10 हजार का सामूहिक पुरस्कार
