खबर पक्की: नई दिल्ली, पुलवामा में हुए आतंकी हमले की जिम्मेदारी लेने वाले जैश-ए-मोहम्मद पर कार्रवाई को लेकर दुनिया के बड़े देश आगे आए हैं। इनमें संयुक्त राज्य अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस ने बुधवार को प्रस्ताव दिया कि इस आतंकी संगठन को संयुक्त राष्ट्र की सुरक्षा परिषद ब्लैक लिस्ट करे। इसी आतंकी संगठन ने पुलवामा में भारतीय अर्धसैनिक बल के काफिले पर हमला करने का दावा किया था। अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस ने 15 सदस्यीय संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की प्रतिबंध समिति से मौलाना मसूद अजहर पर हर तरह के प्रतिबंध लगाने की मांग की है। इस प्रस्ताव में कहा है कि आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर पर हथियारों के व्यापार और वैश्विक यात्रा से जुड़े प्रतिबंध लगाने के साथ उसकी परिसंपत्ति भी फ्रीज की जाएं।
