ढाका। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में एक भीषण हादसा हुआ है। इस हादसे में अब तक 53 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। जानकारी के अनुसार ढाका के चौकबाजार इलाके में एक वेयरहाउस में बुधवार रात लगी भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली की इसने आस-पास के इलाके को भी अपनी चपेट में ले लिया।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार पुराने ढाका के चौकबाजार में स्थित जिस अपार्टमेंट में आग लगी है उसका उपयोग केमिकल गोडाउन के रूप में भी किया जाता था। ऐसे में आग तेजी से फैली। बांग्लादेश फायर सर्विस विभाग के अली अहमद के अनुसार हादसे में अब तक 53 लोगों की मौत हो चुकी है और आशंका है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
जिस इमारत में आग लगी है वहां अत्यंत ज्वलनशील केमिकल रखा था जिस वजह से आग तेजी से फैली और आस-पास के इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। जिस वक्त आग भड़की उस वक्त इलाके में ट्रैफिक जाम लगा हुआ था इस वजह से लोगों को बचकर निकलने का मौका नहीं मिल पाया। रात 10.40 पर लगी आग को काबू करने के लिए मौके पर 200 से ज्यादा फायर ब्रिगेड मौजूद थीं।
बता दें कि इसके पहले ढाका में 2010 में इस तरह की भीषण आग लगी थी जिसमें 120 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी।
