घट्टिया। उज्जैन-आगर मार्ग पर जीरो पॉइंट के पास देर रात 2 बजे मिनी ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में 5 लोगों की मौत की खबर है और 4 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए उज्जैन जिला अस्पताल भेजा गया। जानकारी के मुताबिक घट्टिया निवासी वर्मा परिवार उन्हेल में हुए एक शादी समारोह से लौटकर आ रहा था। तभी सामने से आ रहे मिनी ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार चकनाचूर हो गई और मिनी ट्रक कार को सौ फीट तक घसीटकर ले गया। जेसीबी व ग्रामीण तथा पुलिस की मदद से क्षतिग्रस्त कार को काटकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को 108 एंबुलेंस से तुरंत उज्जैन जिला अस्पताल भेजा गया। गुरुवार सुबह पोस्ट मार्टम के बाद शवों को परिवार वालों को सौपा जाएगा। घटना की सूचना मिलने के बाद घट्टिया में शोक की लहर फैल गई है।
