• Tue. Aug 11th, 2026

सागर के रिहायशी इलाके में गोदाम में भीषण आग, आसपास के घर खाली कराए

BySurendra Jain

Feb 17, 2019

सागर। भगवानगंज इलाके में रविवार शाम को एक इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि करीब एक घंटे तक फॉयरलारी से लगातार पानी उड़ेलने के बावजूद रात करीब साढ़े नौ बजे तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था।

बिजली के उपकरणों में आग लगने और फ्रिज के कंप्रेशर जैसे उपकरणों के फटने से बार-बार आग भड़क रही थी। आगजनी में लाखों रुपए का नुकसान होना बताया जा रहा है। महत्वपूर्ण बात यह है कि जहां इलेक्ट्रॉनिक गोदाम स्थित है वह रिहायशी इलाका है और पास में लकड़ी का टाल व माचिस की गोदाम मौजूद है। आग इतनी भीषण थी कि जिला प्रशासन और पुलिस ने आसपास के मकानों और दुकानों को खाली कराने के लिए अनाउंस करना प्रारंभ कर दिया था।

भगवानगंज इलाके में विश्व भारती स्कूल जाने वाले मार्ग के मुहाने पर प्रकाश इलेक्ट्राॅनिक्स वालों का गोदाम है। गोदाम में यहां पर नए पुराने, टीवी, फ्रिज, कूलर, वाॅशिंग मशीन, एलईडी, एलसीडी सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स आईटम रखे जाते हैं। गोदाम में रविवार देर शाम करीब 8 बजे अंदर से ही आग भड़क गई। जब बंद शटरों के अंदर से धुएं के गुबार बाहर निकले लगे तक लोगों को समझा आया कि गोदाम के अंदर आग लगी है। इसके बाद पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

जब तक कंट्रोल रूम व कटरा बाजार में खड़ी फायर लॉरी यहां पहुंची आग भीषण रूप ले चुकी थी। दुकान के लोहे के शटर तक आग से लाल होकर दहकने लगे थे। निगम के उपायुक्त डॉ. प्रणय कमल खरे, मोतीनगर थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार सहित निगम की फायर शाखा प्रभारी सईउद्दीन कुरैशी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए थे। रात नौ बजे तक निगम की 7 फायर लॉरी से गोदाम में पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।

नौ बजे के बाद सेना की फायर लॉरी को भी बुलवाया गया। रात करीब साढ़े नौ बजे मौके पर सेना के अधिकारी, पुलिस व निगम प्रशासन ने आसपास अनाउंस कराकर आसपास के घरों और दुकानों को खाली कराना शुरू कर दिया था।

निगम के फायर अधिकारी सईउद्दीन कुरैशी के अनुसार आग बुझाने के लिए 12 फायर लॉरी निगम की, 2 सेना की व एक फायर लॉरी मकरोनिया की लग चुकी थीं, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका था। रात 10 बजे तक आग बार-बार भड़क रही थी। वहीं जिला प्रशासन, पुलिस और निगम सहित सेना के अधिकारी मौके पर मोर्चा संभाले हुए थे। रात 10 बजे तक आग बुझाने का काम जारी था। प्रकाश इलेक्ट्रॉनिक्स की गुजराती बाजार स्थित दुकान में भी आग लग चुकी है।

error: Content is protected !!