• Tue. Aug 11th, 2026

रतलाम से होगी किसानों के खातों में कर्ज की राशि पहुंचाने की शुरुआत

BySurendra Jain

Feb 17, 2019

भोपाल। प्रदेश में 22 फरवरी से किसानों के खातों में जय किसान फसल ऋण मुक्ति योजना (कर्जमाफी) की राशि पहुंचने लगेगी। इसकी शुरुआत मुख्यमंत्री कमलनाथ रतलाम से करेंगे।
25 फरवरी से एक मार्च तक 383 ग्रामीण तहसीलों में किसान सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसमें जिन किसानों का कर्जमाफ होगा, उन्हें ताम्रपत्र और फसल ऋण माफी पत्र बांटे जाएंगे। तहसीलों में होने वाले सम्मेलनों में प्रभारी मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हर सम्मेलन में सात से दस हजार के बीच किसान हिस्सा लेंगे। जो किसान कार्यक्रम में नहीं आ पाएंगे, उनके ताम्रपत्र और प्रमाणपत्र राजस्व, कृषि सहित अन्य मैदानी अमले से घर भिजवाए जाएंगे।
हर पंचायत में योजना के तहत लाभांवित होने वाले किसानों की सूची का प्रकाशन एक मार्च से होगा। एक मार्च तक 25 लाख किसानों के खातों में कर्जमाफी की राशि पहुंच जाएगी। इसमें सर्वाधिक किसान जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के होंगे।
हर सम्मेलन में खर्च होंगे दस लाख
सरकार ने हर तहसील में होने वाले सम्मेलन के लिए दस लाख रुपए स्वीकृत किए हैं। इस राशि को आयोजन और किसानों को सम्मेलन में लाने पर खर्च किया जाएगा। कृषि विभाग ने कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि सम्मेलन के लिए तहसीलवार नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए।

error: Content is protected !!