रतलाम। साइंस एंड आर्ट्स कॉलेज के एक छात्र ने बुधवार तड़के कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को आशंका है कि प्रेम प्रसंग के कारण उसने आत्महत्या की है। युवक मूलत: पेटलावद थाना क्षेत्र के लाला रूंडी गांव का निवासी है और फिलहाल रतलाम शहर के तेजानगर में किराए के मकान में एक दोस्त के साथ रहता था।
मृतक युवक का नाम नीलेश पिता मढ़िया मुनिया उम्र 20 वर्ष है। नीलेश बी.ए. फोर्थ सेमेस्टेर का स्टूडेंट था। नीलेश के परिजनों ने पुलिस को बताया कि पेटलावद के नजदीक मोहनपुरा गांव में रहने वाली ही शारदा भूरिया के साथ नीलेश की शादी की बात चल रही थी। मंगलवार को वह शारदा के साथ शहर आया था। रात में नीलेश, शारदा और नीलेश का रूम पार्टनर पुष्पेंद्र तीनों ही तेजानगर के किराए के मकान में ठहरे थे। तड़के करीब 5 बजे नीलेश उल्टीयां करने लगा। उसकी हालत बिगड़ती देख पुष्पेंद्र मौके से भाग निकला। मकान मालिक के परिजनों ने नीलेश को अस्पताल पहुंचाया, यहां उसने सुबह करीब 7 बजे दम तोड़ दिया। पुलिस ने उसके साथ आई युवती शारदा से भी पूछताछ की है। नीलेश द्वारा आत्महत्या किए जाने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, फिलहाल मामले की जांच जारी है।
