रतलाम। जिले के शिवगढ़ क्षेत्र के एक गांव में एक युवक द्वारा पांच वर्षीय बालिका से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपित युवक बंटू पिता गल्ला भाभर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। उसकी उम्र 18 से 20 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार रविवार रात एक गांव में शादी थी। बच्ची की मां और दूसरे परिजन एक शादी कार्यक्रम में गए हुए थे। घर में बच्ची और उसके दो छोटे भाई सो रहे थे। रात करीब साढ़े बारह बजे आरोपित बंटू दरवाजा खोलकर घर में घुसा और मासूम बच्ची को उठाकर घर के पीछे स्थित खेत में ले गया। वहां उससे दुष्कर्म किया। चिल्लाने पर आवाज सुनकर लोग वहां पहुंचे, तो आरोपित युवक वहां से भाग गया। परिजन और ग्रामीण बच्ची को लेकर शिवगढ़ थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। बच्ची को जिला अस्पताल ले जाया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद उसे इंदौर रेफर किया गया।
