• Tue. Sep 15th, 2026

सर्द रात में दुधमुंही को सड़क पर छोड़ा था, 5 घंटे बाद अस्पताल में मौत

BySurendra Jain

Jan 28, 2019

रतलाम। जिले के सातरूंडा-बिलपांक मार्ग पर कड़कड़ाती ठंड में जिस नवजात लड़की को सड़क किनारे लावारिस हाल में छोड़ा गया था। उसकी पांच घंटे बाद इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। नवजात को किसने इस हाल में सड़क किनारे छोड़ा था फिलहाल पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।

पुलिस के अनुसार रविवार रात करीब एक बजे जय प्रकाश निवासी ग्राम रत्तागढ़खेड़ा टार्च लेकर खेत पर सिंचाई करने के लिए जा रहा था। वह अपने घर से करीब 50 कदम दूर गया होगा, तभी उसे सड़क के दूसरी तरफ पोटलीनुमा कपड़ा दिखाई दिया। उसने पास जाकर टार्च की रोशनी डाली, तो कपड़े में नवजात लिपटा हुआ था। उसने चेक किया तो नवजात जीवित था। उसने तत्काल डायल 100 पर सूचना दी।

एएसआई शिवनाथसिंह राठौर साथ में आरक्षक अनिल को लेकर मौके पर पहुंचे और 108 एम्बुलेंस को बुलाया। इसके बाद बालिका को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया, जहां सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे बालिका ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बालिका के शव का पोस्टमार्टम कराया है। उसका अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा।

error: Content is protected !!