• Sat. Aug 8th, 2026

सिर में दो गोली लगने से हुई थी बंधवार की मौत, अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़

BySurendra Jain

Jan 18, 2019

मंदसौर। नगर पालिका अध्यक्ष और भाजपा के कद्दावर नेता प्रहलाद बंधवार की गुरुवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने प्रहलाद बंधवार को उस वक्त गोली मारी जब वो जिला सहकारी बैंक के सामने स्थित भाजपा नेता लोकेंद्र कुमावत की दुकान पर बैठे थे। जैसे वे ही बाहर निकले, बुलेट पर सवार एक बदमाश ने पास आकर उन्हें सिर पर गोली मार दी। कोई कुछ समझ पाए, इसके पहले हमलावर बुलेट वहीं छोड़कर भाग निकला।

नपा अध्यक्ष की हत्या के बाद से ही भाजपा गुस्से में है। इसे लेकर आज भाजपी ने मंदसौर बंद बुलाया है। सुबह से ही मंदसौर में दुकानें बंद हैं। शहर की सड़कें सूनी पड़ी हुई हैं। आज सुबह नपा अध्यक्ष बंधवार के पोस्टमॉर्टम के लिए खुद एसपी और कलेक्टर अस्पताल पहुंचे। सुरक्षा के लिहाज से शहर में पुलिस तैनात की गई है। प्रहलाद बंधवार के हनुमान नगर स्थित निवास पर जब शव पहुंचा को समर्थकों की आंखें भी नम हो गईं। उनकी अंतिम यात्रा दोपहर में निकलेगी। सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक यशपालसिंह सिसोदिया सहित मंदसौर, नीमच जिलके के कई भाजपा और कांग्रेसी नेता भी मौजूद हैं।

इस बीच नपा अध्यक्ष बंधवार का पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टरों के पैनल में शामिल विशाल गौड़ ने बताया कि, उनकी मौत सिर में दो गोली लगने से हुई है। गोली लगने की वजह से उनके आंतरिक अंगों को नुकसान हुआ है। वहीं एक गोली उनके पेट में लगी थी।

नपा अध्यक्ष को गोली मारने वाला कोई और नहीं, उनकी करीबी भाजपा कार्यकर्ता मनीष बैरागी बताया जा रहा है। बैरागी पर पहले से ही हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, नारकोटिक्स के करीब आधा दर्जन अपराध दर्ज हैं। पुलिस अधिकारी भी बता रहे हैं कि आरोपित मनीष बैरागी ने नपा चुनाव में प्रहलाद बंधवार के लिए चुनाव में काम किया था। इसी कारण ज़्यादा उम्मीदें लगा रखी थी। घटना के वक्त भी उसने पहले नपा अध्यक्ष के पैर छूए और फिर जय श्री राम बोलने के बाद सीधे सिर में गोली मार दी।

नगर पालिकाअध्यक्ष प्रहलाद बंधवार की जिन मार्गों से अंतिम यात्रा निकलेगी। वहां पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के भी उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने की खबर आ रही है। नपा अध्यक्ष की हत्या के लिए जिसे जिम्मेदार ठहराया जा रहा है,उसे भाजपा कार्यकर्ता बताने का पार्टी ने खंडन किया है।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश नामदेव ने बताया कि फेसबुक और व्हाट्सऐप पर यह सूचना फैलाई जा रही है कि मनीष बैरागी भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता है, भारतीय जनता पार्टी की ओर से इस का खंडन किया जाता है कि मनीष बेरागी का भारतीय जनता पार्टी से ना पहले कोई नाता रहा है और ना ही वह भाजपा का कार्यकर्ता है।

You missed

error: Content is protected !!