पुलवामा। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में एक बार फिर से आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में अब तक 4 आतंकियों को मार गिराया गया है और उनके पास से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद हुए हैं। खबरों के अनुसार पुलवामा के राजपोरा में कुछ आतंकियों के छिपे होने की सूचना के बाद सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इस दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर दी। फिलहाल दोनों तरफ से फायरिंग हो रही है और कहा जा रहा है कि सुरक्षाबलों ने इलाके में 2-3 आतंकियों को घेर लिया है।
वहीं इससे पहले शुक्रवार को भी सुरक्षाबलों ने दक्षिण कश्मीर स्थित पुलवामा जिले के अवंतीपोरा में शुक्रवार को हुई मुठभेड़ में लश्कर के एक स्थानीय आतंकी को मार गिराया। आतंकी को मारे जाने के विरोध में सुरक्षाबलों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए लोगों ने सेना और पुलिस के जवानों पर पथराव भी किया।
आतंकियों ने सुबह अवंतीपोरा के रिजीपोरा इलाके में सेना की 55 राष्ट्रीय राइफल्स की पेट्रोलिग पार्टी पर घात लगाकर हमला किया था। सैनिकों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आतंकी को मार गिराया। मारे गए आतंकी की पहचान पुलवामा के कायल गांव निवासी इशफाक यूसुफ वानी के रूप में हुई है।
जम्मू बस स्टैंड में ग्रेनेड हमला
शहर के बीचो-बीच बस स्टैंड में शुक्रवार रात करीब एक बजे आतंकियों ने ग्रेनेड हमला किया। इससे कोई नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन सनसनी फैल गई। जिस जगह ग्रेनेड हमला हुआ उसके ठीक सामने थाना है। ऐसे में आतंकियों का निशाना स्थानीय लोगों के साथ-साथ थाना भी हो सकता था। इस बीच, मौके पर पहुंचे सुरक्षाबलों के जवानों ने पूरे क्षेत्र को घेरकर तलाशी अभियान चलाया, जो रातभर जारी रहा।
जानकारी के अनुसार, आतंकियों ने टाउन हॉल रोड से सामने सड़क के पार बस स्टैंड में गे्रनेड फेंका, जो वहां स्थित एक दुकान की छत पर गिरकर जोरदार धमाके के साथ फट गया। इससे एक पानी की टंकी के अलावा सड़क पर खड़ी बिना नंबर की एक गाड़ी में छर्रे लगे। गाड़ी के अंदर श्रीनगर का रहने वाला शब्बीर सो रहा था, जो घबराकर भागा।
धमाके की आवाज सुनकर बस स्टैंड में मौजूद लोग भी घबरा गए और जान बचाने के लिए भागे। वहीं सामने थाने पर मौजूद जवानों ने मोर्चा संभाल लिया। इस बीच घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियों के आला अधिकारी भी पहुंच गए। सुरक्षाबलों ने शब्बीर को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
