खबर पक्की :कर्नाटक में हुए तीन लोकसभा और दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन किया है और कुल पांच मे से चार सीटें अपने नाम कर ली। लोकसभा की तीन सीटों में से कांग्रेस और जेडीएस गठबंधन ने दो सीटें जीत लीं, वहीं विधानसभा की दो सीटों पर बीजेपी का सुपड़ा साफ कर दिया। इतना ही नहीं, बीजेपी की गढ़ माने जाने वाली बेल्लारी सीट में भी कांग्रेस ने सेंध लगा दी और वहां जीत दर्ज कर ली जबकि शिमोगा सीट पूर्व मुख्यमंत्री येद्दीरप्पा के बेटे ने भाजपा के टिकट पर जीती है। इस चुनाव में कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी की पत्नी अनिता भी चुनाव जीत गई हैं। कर्नाटक में एक बार फिर से कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन के शानदार प्रदर्शन पर कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। कांग्रेस के कद्दावर नेता डीके शिवकुमार ने इस जीत के लिए कर्नाटक खास तौर पर बेल्लारी के लोगों का धन्यवाद दिया है। साथ ही राहुल गांधी और पूर्व पीएम देवगौड़ा का भी शुक्रिया अदा किया है।
