नई दिल्ली। राष्ट्रपति चुनाव की कवायद के बीच यह लगभग तय हो गया है कि इस बार यह पद मध्यप्रदेश के पास ही आएगा। प्रदेश से दो बड़े दावेदार केंद्रीय मंत्री थावरचंद गेहलोत और लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन में किसी एक को एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाना लगभग तय हो गया है। यह दूसरा अवसर होगा जब मध्यप्रदेश की कोई शख्सियत देश के इस शीर्ष पद पर पहुंचेगी। इससे पहले डा. शंकरलाल दयाल राष्ट्रपति के रूप में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके है।
सुमित्रा महाजन और झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू का नाम काफी दिनों से चर्चा में है। खबर है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने सुमित्रा महाजन को पूरा सप्ताह दिल्ली नहीं छोड़ने को कहा हैं। इसके खबर के बाहर आने के बाद से ही यह कयास लगाए जा रहे है कि सुमित्रा ताई को एनडीए की ओर से उम्मीदवार बनाया जाना तय हो गया है।
भाजपा राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के नाम की घोषणा 23 जून को कर सकती है। उम्मीदवार द्वारा अगले दिन पर्चा दाखिल किया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि 25 जून को अमेरिका दौरा के लिए रवाना होने से पहले राजग उम्मीदवार के नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो जाए।
अपने उम्मीदवार पर सर्वसम्मति बनाने को लेकर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह द्वारा गठित पार्टी की तीन सदस्यीय कमेटी ने बुधवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) तथा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) नेताओं से बातचीत की। कमेटी शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी से मुलाकात करेगी।
