• Sat. Oct 3rd, 2026

अमृतसर हादसा : प्रदर्शन कर रहे मृतकों के परिजनों का पुलिस पर पथराव, एक घायल

BySurendra Jain

Oct 21, 2018

अमृतसर। दशहरे के दिन रावण दहन के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में कई परिवार उजड़ गए। किसी ने अपना बेटा खोया तो किसी ने पिता और पति। हादसे के बाद भले ही मुआवजे का ऐलान हो गया हो लेकिन अब तक इसके जिम्मेदार तय नहीं हुए हैं। वहीं इस बीच हादसे के विरोध में मृतकों के परिजन उतर आए हैं। उन्होंने घटनास्थल के पास विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और धरना देने लगे।

इस बीच पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रेलवे ट्रैक क्लीयर करने के लिए कहा। नाराज प्रदर्शनकारी इससे भड़क गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इसे देखते हुए पुलिस ने भी प्रदर्शनकारियों को खदेड़ना शुरू कर दिया। लोगों द्वारा किए गए पथराव में एक सुरक्षाकर्मी घायल हुआ है जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हेड कॉन्स्टेबल अमरप्रीत सिंह के अनुसार लोग पत्थर मार रहे थे और इसके कारण उनके साथी की आंख में चोट आई है।इससे पहले शुक्रवार की देर रात प्रदर्शनकारियों ने जोड़ा रेल फाटक पर गेटमैन के केबिन पर हमला कर दिया। किसी तरह से गेटमैन ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। वहां से कुछ दूरी पर स्थित शिवाला बाग भाइया रेल फाटक पर बने केबिन को भी शनिवार दोपहर प्रदर्शनकारियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। दोनों जगहों पर सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। जोड़ा रेल फाटक पर गेटमैन के कमरे में टूटे हुए शीशे और सामान बिखरे पड़े हैं।

वहां पर आरपीएफ के जवान भी तैनात कर दिए गए हैं। शनिवार को कोई भी गेटमैन वहां नहीं तैनात था। वहां पर खड़े लोगों का कहना था कि अगर गेटमैन चाहता तो शुक्रवार का हादसा टल सकता था क्योंकि कुछ ही दूरी पर रेल ट्रैक पर लोग खड़े थे।

शनिवार को काफी संख्या में लोग रेलवे ट्रैक पर बैठे रहे। कोई भी नेता लोगों की अगुआई नहीं कर रहा था, फिर भी लोग डटे हुए थे।लोगों का कहना है कि यह हादसा रेलवे विभाग के कर्मचारियों की चूक है। इसके अलावा दशहरा आयोजकों व प्रशासन की भी लापरवाही है। आरपीएफ तथा पंजाब पुलिस के जवान रेलवे ट्रैक के आसपास तैनात हैं।

error: Content is protected !!