आलोट । आलोट क्षेत्र मेरा जन्म व सेवाकार्य स्थली रहा है तथा जनसम्पर्क के दौरान मैने पाया है कि आम लोगो को मूलभूत सुविधाओ का सर्वथा अभाव है । खासकर चिकित्सा, शिक्षा और बेरोजगारी की समस्या विकराल होकर उभरी है । यदि क्षेत्र की जनता ने मुझे अवसर दिया तो मै विश्वास दिलाती हूॅ कि जनता की भलाई के लिए कार्य करते हुए उनकी हर लड़ाई को पुरी तत्परता, ईमानदारी से लडूंगी ।
यह बात आलोट विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी श्रीमती पूर्णिमा चौहान ने जगदेवगंज मे आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही । उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस पार्टी ने क्षेत्र मे लंबे समय तक प्रतिनिधित्व किया है, जिनमे ज्यादातर बाहरी व्यक्तियो को दलो ने अवसर दिये है । लेकिन वे जनता की आकांक्षाओ पर खरे नही उतरे है । मै पिछले डेढ सप्ताह से गांवो मे पहूॅचकर घर-घर जाकर मतदाताओ से सम्पर्क कर रही हूॅ, तो छोटे-छोटे तबको के लोग आज भी छोटी-छोटी समस्या से जूझते हुए उन्हे पाया है ।
उन्होंने पत्रकारो के सवाल के जवाब मे बताया कि आम आदमी पार्टी की छवि स्वच्छ, सरल, सादगी तथा हर वर्ग के हित मे सेवा भावना की रही है । नई दिल्ली मे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व मे सरकार जनहितैषी कार्यो से लोकप्रिय होकर सफलता पूर्वक कार्य कर रही है ।
उन्होंने बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने उन्हे अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया है और तभी से वे विधानसभा क्षेत्र मे सक्रिय होकर प्रत्येक मतदान केंद्र पर पहूॅचकर पार्टी से कार्यकर्ताओ, जनता को जोडने और प्रचार मे लगी है । हालांकि उनके पास कार्यकर्ताओ की बड़ी फौज और साधन सुविधा का अभाव है, परंतु सेवाभाव के उद्देश्य को लेकर जनता के बीच स्थानीय प्रत्याशी के रूप मे जाकर अपनी बात को बखूबी रख रही है, क्योंकि वे शिक्षित और एक चिकित्सक भी है ।
