• Fri. Oct 30th, 2026

घर-घर जाएंगे भाजपा कार्यकर्ता और देंगे अटलजी का संदेश

BySurendra Jain

Aug 22, 2018

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का संदेश लेकर हर मतदाता के घर तक जाएंगे। भाजपा ने अटलजी को श्रद्धांजलि देने के लिए ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर तक 25 से 30 अगस्त तक सभा का आयोजन किया है। पार्टी की रणनीति है कि विधानसभा चुनाव में अटल सरकार के सुशासन को मुद्दा बनाया जाए। अटलजी के नाम का भरपूर प्रचार कर जनमानस में ऐसी छवि बनाई जाए कि कांग्रेस के पास उसका जवाब न हो। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री अटलजी के नाम पर जनता के बीच जाने की पूरी रणनीति तैयार कर ली है। 2018 के विधानसभा चुनाव जीतकर चौथी बार सरकार बनाने के लिए संघर्ष कर रही भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के बाद अपनी रणनीति में अच्छा खासा बदलाव भी किया है।

पार्टी अब अटलजी के मध्यप्रदेश के साथ रिश्तों को पूरी तरह भुनाने की कोशिश में है। इसके लिए वार्ड और ग्राम पंचायतों में श्रद्धांजलि सभा के बाद घर-घर तक दस्तक दी जाएगी। कार्यकर्ता हर मतदाता तक पहुंचकर उसे अटल सरकार के सुशासन और यूपीए सरकार के घोटालों की याद दिलाएंगे। इसका मकसद ये होगा कि मतदाताओं के वोट भाजपा को विधानसभा और लोकसभा दोनों ही चुनाव में मिले।

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता डॉ. दीपक विजयवर्गीय ने कहा कि अटलजी को श्रद्धांजलि का कार्यक्रम पंचायत व वार्ड तक होगा। उसके बाद कार्यकर्ताओं का घर-घर जाने का कार्यक्रम शुरू होगा तो मप्र सरकार की 15 साल की उपलब्धियों के साथ केंद्र की मोदी सरकार की चर्चा होगी। 1998 से 2004 के बीच अटल सरकार के कामकाज और उनके व्यक्तित्व पर चर्चा भी करेंगे।

You missed

error: Content is protected !!