• Fri. Jul 31st, 2026

दिल्ली जाओ या बम्बई कही से भी डाल सकोगे वोट, : मुख्य चुनाव आयुक्त

BySurendra Jain

Aug 6, 2018

खबर पक्की : ग्वालियर। चुनाव आयोग ऐसी तकनीक लाने पर काम कर रहा है, जिससे मतदाता गृहनगर से बाहर किसी भी शहर में हो कहीं से भी वोट डाल पायेगा। आने वाले कुछ सालों में नई व्यवस्था लागू की जा सकती है। यह बात मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ओपी रावत ने ग्वालियर में कही। दरअसल, शनिवार को यहां सर्किट हाउस में चुनाव आयुक्त ने कई संस्थाओं के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान भारतीय उपभोक्ता संरक्षण समिति ने गृहनगर के बाहर भी लोग वोट डाल सकें, ऐसी सुविधा मुहैया कराने का उनको सुझाव दिया। इस पर आयुक्त ने कहा कि आयोग इस दिशा में काम कर रहा है। साथ ही, उन्होंने कहा कि नई तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे एक जगह से दूसरी जगह स्थानांतरित होने वाले मतदाता का नाम अपने आप मतदाता सूची से कट जाएगा।
ईवीएम से ही डाले जाएंगे वोट:
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि नवबंर में होने वाले तीन प्रदेशों के चुनाव ईवीएम से ही कराए जाएंगे। मतपत्र से होने वाले चुनाव में गड़बड़ी की संभावना ज्यादा रहती है। ईवीएम में ऐसा संभव नहीं। ईवीएम में एक मत डालने में 15 सेकंड लगते हैं। मतपत्र प्रक्रिया में एक वोटर में ही कई मिनट लग जाते हैं। वहीं, मध्य प्रदेश में फर्जी वोटरों पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अभी तक की जांच में एक भी फर्जी मतदाता नहीं मिला। एक ही नाम के एक से अधिक मतदाता मिले हैं। उनके नाम हटा दिए गए हैं। इससे पहले मुख्य चुनाव आयुक्त से दस्तावेज लेकर मिलने पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने शिकायत किया कि जांच के बाद भी मृत वोटरों के नाम नहीं कट रहे हैं। इस पर आयुक्त ने कहा, 46 हजार नाम कट चुके हैं। अगर आपके पास लिस्ट है तो दे दीजिए। कांग्रेस नेताओं ने तीन साल से जमे सरकारी अधिकारियों की भी शिकायत की। उन्होंने इसकी भी लिस्ट कांग्रेसी नेताओं से मांगी।
दिव्यांग वोटर को घर छोड़ने जाएंगे वॉलेंटियर:
ओपी रावत ने कहा कि दिव्यांग वोटरों को अब वॉलेंटियर घर से लेकर आएंगे और मतदान केंद्र से वोट डलवाकर वापस घर छोड़ने का काम करेंगे। कोई भी दिव्यांग वोट डालने से वंचित न रहे, इसकी निगरानी की जिम्मेदारी स्थानीय अफसरों की रहेगी। वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के लिए चल रही कवायद के तहत ऐसे प्रयोग किए जाएंगे। इससे पहले ओपी रावत ने कलेक्टोरेट में चुनाव संबंधी बैठक ली। वह अडुपुरा में वोटर जागरूकता कार्यक्रम की हकीकत जानने भी पहुंचे। यहां पर आयुक्त ने वीवीपैट मशीन का डेमो देखा।

error: Content is protected !!