खबर पक्की, 26 नवंबर, रतलाम। सैलाना के समीप शिवगढ़-सैलाना मार्ग पर ग्राम अडवानिया में दिनदहाड़े चोरी की वारदात से सनसनी फैल गई। अनाज और कपास का कारोबार करने वाले सैलाना के एक गल्ला व्यापारी का ढाई लाख रुपए नकद और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग महज पांच मिनट में गायब हो गया। व्यापारी ने बैग दुकान के बाहर कुर्सी पर रखा था और कुछ देर के लिए टेंट हटाने चले गए थे। लौटे तो बैग नदारद था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संदेह के आधार पर दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार व्यापारी दिलीप कुमार पितलिया ग्राम अडवानिया में किशोर पाटीदार की किराए की दुकान पर अनाज और कपास खरीदी का व्यवसाय करते हैं। बुधवार सुबह करीब 10 बजे उनके छोटे बेटे वैभव ने बैंक से व्यवसाय के लेनदेन के लिए ढाई लाख रुपए निकाले थे। इन रुपयों को हिसाब-किताब के रजिस्टर और अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ एक बैग में रखा गया था।
व्यापारी सुबह करीब 10.40 बजे अपने मुंहबोले भांजे अमन सिंह की गाड़ी से दुकान पहुंचे। वे गाड़ी में पीछे बैठे थे। भांजा उन्हें दुकान पर छोड़कर बाजार की ओर चला गया। इस दौरान व्यापारी ने रुपयों और दस्तावेजों से भरा बैग दुकान के बाहर रखी कुर्सी पर रख दिया और दुकान के सामने लगे टेंट को हटाने के लिए कुछ दूर चले गए।
करीब पांच मिनट बाद जब वे वापस लौटे तो कुर्सी पर रखा बैग गायब था। अचानक बैग गायब होने से व्यापारी के होश उड़ गए। उन्होंने आसपास तलाश की। मकान मालिक किशोर पाटीदार और भांजे अमन सिंह ने भी बैग खोजने में मदद की। टेंट पर काम कर रहे लोगों से भी पूछताछ की गई, लेकिन बैग का कोई सुराग नहीं मिला।
आखिरकार व्यापारी अपने बेटे विपुल के साथ पुलिस थाने पहुंचे और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल और आसपास की परिस्थितियों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। वहीं दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
