• Sat. Oct 10th, 2026

गांजे की अवैध खेती का खुलासा, खेत से 127 पौधे जब्त, कपास और मक्का की फसल के बीच उगा रखे थे गांजे के पौधे, 1.50 लाख रुपए का मादक पदार्थ बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

BySurendra Jain

Oct 10, 2026

खबर पक्की, 10 अक्टूबर, रतलाम। जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शिवगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम जाम्बुकुड़ी में एक खेत पर दबिश देकर गांजे के 127 हरे पौधे जब्त किए हैं। जब्त पौधों का कुल वजन 17.025 किलोग्राम तथा अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन में की गई। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर राकेश पन्द्रो तथा एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन और एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा (आईपीएस) के नेतृत्व में थाना प्रभारी शिवगढ़ निरीक्षक लिलियन मालवीय की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
मुखबिर की सूचना पर खेत में दी दबिश
पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को थाना शिवगढ़ पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जाम्बुकुड़ी निवासी प्रभुलाल पिता रखमा पारगी ने अपने खेत में अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रखे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और खेत में दबिश दी।
पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तब खेत में दो व्यक्ति काम करते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पंचों और हमराह बल की सहायता से उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों की पहचान प्रभुलाल पिता रखमा पारगी, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम जाम्बुकुड़ी, थाना शिवगढ़, जिला रतलाम तथा प्रकाश पिता विश्राम देवधा, उम्र 29 वर्ष, निवासी मनासा, थाना शिवगढ़, जिला रतलाम, हाल मुकाम ग्राम जाम्बुकुड़ी के रूप में हुई।
कपास और मक्का की फसल के बीच छिपाकर उगाए थे पौधे
आरोपियों के कब्जे वाले खेत की तलाशी लेने पर कपास और मक्का की फसल के बीच अलग-अलग स्थानों पर गांजे जैसे हरे पौधे उगे हुए मिले। पुलिस टीम ने पंचों की मौजूदगी में पौधों की पहचान और गिनती की। इस दौरान कुल 127 हरे पौधे पाए गए, जिनका कुल वजन 17.025 किलोग्राम निकला। पुलिस ने सभी पौधों को जब्त कर लिया। जब्त गांजे के पौधों की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है।
प्रारंभिक कार्रवाई के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस अब गांजे की अवैध खेती से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी
रतलाम पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में मुखबिर तंत्र के माध्यम से ऐसी गतिविधियों की जानकारी जुटाकर कार्रवाई की जा रही है। शिवगढ़ थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में खेत से गांजे के पौधे जब्त होने के बाद पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।
कार्रवाई में इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवगढ़ निरीक्षक लिलियन मालवीय, उपनिरीक्षक प्रतापसिंह भदोरिया, उपनिरीक्षक अजमेरसिंह भुरिया, प्रधान आरक्षक 81 जितेन्द्रपालसिंह राठौर, प्रधान आरक्षक 287 विक्रमसिंह घोसरे, प्रधान आरक्षक रघुवीर सिंह, आरक्षक 351 अनिल सूर्यवंशी, आरक्षक 670 मनीष खराड़ी, महिला आरक्षक 687 सावित्री मकवाने और महिला आरक्षक 978 रेणु डावर की सराहनीय भूमिका रही।

You missed

error: Content is protected !!