खबर पक्की, 10 अक्टूबर, रतलाम। जिले में फरार आरोपियों एवं स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में ऑपरेशन क्लीन चलाया जा रहा है। अभियान के तहत रतलाम पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। इसी क्रम में शिवगढ़ पुलिस को तीन साल से फरार स्थाई वारंटी विरम सिंह गुर्जर को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी विरम सिंह पिता मांगीलाल गुर्जर, निवासी बायड़ी, थाना शिवगढ़ के अपराध क्रमांक 218/2021 में फरार चल रहा था। उसके विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 294, 323, 506 एवं 341 तथा एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(1)(द) और 3(2) के तहत प्रकरण दर्ज है। यह मामला मारपीट, धमकी एवं अन्य आरोपों से संबंधित है।
प्रकरण में न्यायालय द्वारा आरोपी के खिलाफ स्थाई वारंट जारी किया गया था। वारंट की तामिली के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहा था। ऑपरेशन क्लीन के तहत फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए की जा रही कार्रवाई के दौरान शिवगढ़ पुलिस ने आरोपी विरम सिंह गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया।
रतलाम पुलिस द्वारा अभियान के माध्यम से लंबे समय से फरार आरोपियों एवं न्यायालय के वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
ऑपरेशन क्लीन के तहत रतलाम पुलिस की कार्रवाई, तीन साल से फरार स्थाई वारंटी गिरफ्तार, शिवगढ़ पुलिस ने मारपीट, धमकी एवं एससी-एसटी एक्ट के प्रकरण में आरोपी विरम सिंह गुर्जर को पकड़ा
