खबर पक्की, 10 अक्टूबर, रतलाम। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में नामांतरण एवं बंटवारे के लंबित प्रकरणों की स्थिति पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने नामांतरण की स्थिति को चिंताजनक बताते हुए इसमें तत्काल सुधार लाने तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने सीमांकन के पश्चात 250 के प्रकरणों का भी तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन प्रकरणों के निराकरण में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। बंटवारे के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित मामलों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने साइबर तहसील, राजस्व न्यायालयों में पारित आदेशों के पालन, राजस्व वसूली, निर्माण कार्यों के लिए भू-अर्जन, पीएम किसान ई-केवाईसी, खाता एवं आधार लिंकिंग, फार्मर रजिस्ट्री के लंबित प्रकरणों तथा भूमि स्वामियों द्वारा परिमार्जन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
इसके अतिरिक्त धारणाधिकार, सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी, मानव अधिकार आयोग में लंबित प्रकरणों तथा मंदिर जीर्णोद्धार के प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई।
नामांतरण एवं बंटवारे के प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करें : कलेक्टर, सीमांकन के पश्चात 250 के प्रकरणों का तत्काल निराकरण करने के निर्देश
