• Thu. Oct 15th, 2026

मामला पंचेड़ फंटे पर 73 लाख से अधिक की नकदी मिलने का : आयकर विभाग इंदौर को पुलिस ने मेल भेजकर दी सूचना, आगे की कार्रवाई इन्कम टैक्स डिपार्टमेंट करेगा

BySurendra Jain

Aug 30, 2026

खबर पक्की, 30 अगस्त, रतलाम। जिले के नामली थाना क्षेत्र के पंचेड़ फंटे पर बिना नंबर की क्रेटा कार से बरामद हुई लाखों रुपए की नकदी के मामले में पुलिस की पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। कार में 73 लाख 72 हजार 500 रुपए की नकदी मिलने के बाद पुलिस ने आयकर विभाग इंदौर के अधिकारियों को मेल के माध्यम से सूचना दी है। रविवार होने के कारण आयकर विभाग की टीम जांच के लिए नामली नहीं पहुंच सकी। संभावना है कि सोमवार को इंदौर अथवा रतलाम से आयकर विभाग की टीम नामली पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर सकती है।
पुलिस अब तक यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि बरामद रकम वास्तव में किसकी है, इसका वास्तविक स्रोत क्या है और इसे कहां ले जाया जा रहा था। आयकर विभाग की टीम युवक से रकम के स्रोत और उससे जुड़े दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ कर सकती है।
युवक ने बताया- जमीन बेचने के बाद मिले रुपए
पुलिस के अनुसार कार में जावरा के उमटपालिया निवासी 23 वर्षीय मिजान पिता रईस खान सवार था। पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि बरामद रुपए उसके अपने हैं और उसे यह रकम जमीन बेचने के बाद प्राप्त हुई है। वह यह नकदी लेकर किसी काम से रतलाम आया था और वापस अपने गांव लौट रहा था।हालांकि, इतनी बड़ी मात्रा में नकदी के संबंध में पुलिस अभी युवक के दावे की पुष्टि कर रही है। रकम से संबंधित दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी।
बड़े ज्वेलर्स से सोना खरीदने आया था!
पूछताछ में एक और जानकारी सामने आई है। युवक ने पुलिस को बताया कि वह रतलाम के एक बड़े ज्वेलर्स से सोना खरीदने के लिए नकदी लेकर आया था। हालांकि, किसी कारण से सोने का सौदा नहीं हो सका। इसके बाद वह नकदी लेकर वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान पंचेड़ फंटे पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना नंबर की क्रेटा को रोककर तलाशी ली और कार में रखे बोरे से नोटों की गड्डियां बरामद हुईं।पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि जिस ज्वेलर्स से सोना खरीदने की बात युवक ने बताई है, वहां वास्तव में वह गया था या नहीं और सौदा नहीं होने की बात कितनी सही है।
गांव में ढाबा चलाता है युवक, कार भाई के नाम
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि मिजान उमटपालिया गांव में ढाबा संचालित करता है। जिस क्रेटा कार से नकदी बरामद हुई है, वह उसके भाई के नाम पर रजिस्टर्ड बताई जा रही है। पुलिस कार के स्वामित्व और युवक के पास इतनी बड़ी रकम होने के कारणों की भी जांच कर रही है।
आयकर विभाग की जांच से खुलेगा रकम का राज
पुलिस ने मामले की जानकारी आयकर विभाग इंदौर के अधिकारियों को मेल के जरिए दे दी है। रविवार होने के कारण विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी। संभावना है कि सोमवार को इंदौर या रतलाम से आयकर विभाग की टीम नामली थाने पहुंच सकती है।
आयकर विभाग की जांच में मुख्य रूप से यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि इतनी बड़ी नकदी का स्रोत क्या है, जमीन की बिक्री से संबंधित युवक के दावे के समर्थन में क्या दस्तावेज हैं और रकम के संबंध में आयकर संबंधी नियमों का पालन हुआ है या नहीं।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि बरामद रुपए वास्तव में किसके हैं, जमीन बेचने से प्राप्त होने के दावे के पीछे कितनी सच्चाई है और सोना खरीदने के लिए इतनी बड़ी नकदी लेकर रतलाम आने की बात कितनी सही है। पुलिस जांच और आयकर विभाग की कार्रवाई के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
इनका कहना है
पुलिस द्वारा आयकर विभाग इंदौर को मेल के जरिए मामले की जानकारी दी गई है। संभावना है कि सोमवार को आयकर विभाग की टीम नामली आकर मामले की जांच करेगी और रुपए के सोर्स का पता लगाएगी।
-राकेश पंद्रो ,एएसपी रतलाम

Related Post

डोडाचूरा तस्करी के दो आरोपियों की 1.60 करोड़ की संपत्ति फ्रीज, सफेमा न्यायालय ने प्रीतमनगर स्थित कृषि भूमि में दोनों के हिस्से किए अटैच, 81 किलो डोडाचूरा जब्ती मामले में हुई थी सजा
त्योहारों पर ऑनलाइन खरीदारी में रहें सतर्क, फर्जी छूट और संदेशों से हो सकती है ठगी, नकली खरीदारी की वेबसाइट, पार्सल संदेश, क्यूआर संकेत और फर्जी ग्राहक सेवा के जरिए ठगी की आशंका; रतलाम पुलिस ने जारी की साइबर सुरक्षा सलाह
कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप की माताजी श्रीमती तेजकुंवर बाई काश्यप का श्रद्धांजलि सभा में गुणानुवाद, मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, बोर्ड अध्यक्ष आदि ने किया स्मरण

You missed

error: Content is protected !!