खबर पक्की, 29 अगस्त, रतलाम। जिले के बरखेड़ा क्षेत्र में करीब डेढ़ माह पूर्व प्रेम विवाह करने वाले दंपती को कथित रूप से युवती के परिजनों ने रास्ता रोककर मारपीट कर घायल कर दिया। हमले में युवती, उसके पति और ससुर के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायल युवती का मंदसौर के अस्पताल में उपचार कराया गया। मामले में शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फरियादी ने पुलिस को बताया कि करीब डेढ़ माह पूर्व युवती ने उसके साथ प्रेम विवाह किया था और तब से वह उसकी पत्नी के रूप में उसके साथ रह रही थी। गत 27 अगस्त को आलोट पुलिस उसके घर पहुंची और सर्च वारंट के आधार पर युवती को अपने साथ ले गई। इसके बाद आलोट एसडीएम के समक्ष युवती के बयान दर्ज किए गए। युवती ने अपने पति के साथ रहने की सहमति जताई, जिसके बाद दोनों को साथ रहने की अनुमति दे दी गई।
एसडीएम कार्यालय से बाहर निकलने के बाद फरियादी अपनी पत्नी और पिता के साथ चार पहिया वाहन से मंदसौर के लिए रवाना हुआ। आरोप है कि बरखेड़ा-आलोट मार्ग पर रौनक नामक युवक अपने वाहन से वहां पहुंचा और फरियादी के वाहन के आगे गाड़ी खड़ी कर रास्ता रोक दिया। इसके बाद आरोपितों ने तीनों को वाहन से बाहर आने के लिए कहा।
फरियादी के अनुसार, जब वे वाहन से बाहर नहीं निकले तो रौनक और उसके साथियों ने कथित रूप से वाहन के कांच फोड़ दिए और युवती, उसके पति तथा ससुर के साथ मारपीट की। इस दौरान युवती का मंगलसूत्र भी टूट गया।
घटना के दौरान हंगामा होते देख आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवती को उपचार के लिए मंदसौर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद फरियादी ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
