• Sun. Aug 30th, 2026

रतलाम पुलिस की कांबिंग गश्त, गुंडे-बदमाशों पर कसा शिकंजा, 47 स्थायी और 77 गिरफ्तारी वारंट तामील, जिलाबदर व हिस्ट्रीशीटरों की भी हुई चेकिंग

BySurendra Jain

Aug 30, 2026

खबर पक्की, 30 अगस्त, रतलाम। जिले में अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रतलाम पुलिस ने 29-30 अगस्त की दरमियानी रात से सुबह तक जिले के सभी अनुभागों में व्यापक कांबिंग गश्त की। पुलिस महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशों के तहत पुलिस अधीक्षक अमित कुमार की अगुवाई में यह कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रों के मार्गदर्शन में अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिस टीमों का गठन कर गुंडे-बदमाशों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों की धरपकड़ एवं निगरानी की गई। कार्रवाई में सीएसपी रतलाम सत्येंद्र घनघोरिया, एसडीओपी रतलाम किशोर पाटनवाला, सीएसपी जावरा युवराज सिंह चौहान, एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल, एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर, उप पुलिस अधीक्षक अजय सारवान एवं उप पुलिस अधीक्षक आनंद स्वरूप सोनी के नेतृत्व में संबंधित थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों ने भाग लिया।
लंबे समय से फरार वारंटियों पर कार्रवाई
कांबिंग गश्त के दौरान जिलेभर में विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार 47 स्थायी वारंटियों तथा 77 गिरफ्तारी वारंट तामील करवाए गए। इसके अलावा जिलाबदर व्यक्तियों, हिस्ट्रीशीटरों और निगरानी गुंडे-बदमाशों की भी चेकिंग की गई। पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए अपराधियों के ठिकानों और संभावित स्थानों पर पहुंचकर जांच की।
रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराधियों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है।

You missed

error: Content is protected !!