• Sat. Aug 29th, 2026

अलकापुरी में आयोजित जन विश्वास शिविर में जनसंवाद के साथ हुआ समस्याओं का निराकरण, हितग्राहीमूलक योजनाओं का मंच से सीधे हितलाभ प्रदान, युवा उद्यमियों ने साझा किए अनुभव

BySurendra Jain

Aug 29, 2026

खबर पक्की, 29 अगस्त, रतलाम। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शनिवार को अलकापुरी स्थित कम्युनिटी हॉल (अटल सभागृह) में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जनसंवाद के माध्यम से नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर ही समस्याओं के निराकरण की कार्रवाई की गई। शिविर का उद्देश्य आमजन को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ सहज एवं सरल रूप से उपलब्ध कराना रहा। शिविर में नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल, एल्डरमैन श्री प्रभु नेका, डीआईजी श्री निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, रतलाम शहर आयुक्त श्री अनिल भाना, रतलाम शहर एसडीएम श्री तरुण जैन सहित जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी, आम नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा ने कहा कि अंतिम व्यक्ति एवं पात्र हितग्राही तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। शिविर के माध्यम से आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनी जा रही हैं और उनका निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान करने की यह पहल अत्यंत सराहनीय है।
विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल ने कहा कि जनता के प्रति विश्वास रखने वाली सरकार जनता के बीच पहुंचकर जनता के लिए कार्य कर रही है। आम नागरिकों के कार्य आसानी से और समय पर हो सकें, इसके लिए इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन जनता के प्रति सजग होने के साथ-साथ संवेदनशील और सरल भी है।
युवा उद्यमियों ने साझा किए अनुभव
शिविर में युवा उद्यमी संवाद का आयोजन भी किया गया। इसमें युवा उद्यमी यशराज राठौर, रोहित मालपानी, अर्चित पोरवाल, शैलेंद्र टंडन, कुलदीप भाटी एवं शांतिलाल ने अपने-अपने अनुभव साझा किए। युवा उद्यमियों ने कहा कि उद्योग विभाग के माध्यम से उद्योग स्थापित करने के लिए उपलब्ध ऋण एवं अन्य योजनाएं युवाओं के लिए काफी उपयोगी हैं। योजनाओं के माध्यम से युवाओं को अपना व्यवसाय एवं उद्योग स्थापित करने में सहायता मिल रही है।
युवा उद्यमियों ने कहा कि उद्योग विभाग के माध्यम से विभिन्न कार्यों में सहयोग मिलने से उद्योगों का संचालन सुगम हो रहा है। उन्होंने युवाओं से उद्योग एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लेकर युवा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
मंच से सीधे हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा मंच से ही विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के हितग्राहियों को सीधे लाभ प्रदान किया गया। पीएम स्वनिधि योजना, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को चेक एवं स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
शिविर के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोडऩे की कार्रवाई भी की गई। जनसंवाद के दौरान नागरिकों द्वारा रखी गई समस्याओं को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।

You missed

error: Content is protected !!