• Thu. Oct 15th, 2026

दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत, कुछ माह बाद बनने वाला था पिता

BySurendra Jain

Aug 29, 2026

खबर पक्की, 29 अगस्त, रतलाम। शहर में रक्षाबंधन के त्योहारी माहौल के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार की सारी खुशियों को छीन लिया। सैलाना यार्ड टर्न के पास एक अन्य मोटरसाइकिल की टक्कर से बाइक सवार युवक रणवीर गोमे की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद दोस्त अरविंद कोली गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक के पिता स्व. गोविंद गोमे मूल रूप से अजमेर के रहने वाले थे और रेलवे में नौकरी करते थे। उनके निधन के बाद परिवार करीब ढाई दशक पहले रतलाम के लक्ष्मणपुरा गली नंबर 3 में आकर बस गया था। गुरुवार रात ही रणवीर की बहन चांदनी इंदौर से रक्षाबंधन मनाने रतलाम आई थीं, जिससे घर में उत्सव और खुशी का माहौल था। इसी दौरान रणवीर अपने दोस्त अरविंद के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर बाजार की ओर जा रहे थे।
परीक्षण के उपरांत की मृत घोषित
सैलाना यार्ड टर्न पर सामने से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद रणवीर के सिर में गंभीर चोट आई और अरविंद का पैर फ्रैक्चर हो गया। आसपास के लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत रणबीर को मृत घोषित कर दिया।
हादसे ने झकझोर दिया परिवार को
इस अचानक हुए हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। छह साल पहले प्रतिभा के साथ रणवीर का विवाह हुआ था और वह कुछ ही महीनों बाद पिता बनने वाले थे। घर में बहन के आने और नए मेहमान के आने की उम्मीदों के बीच आई इस मनहूस खबर ने सबको स्तब्ध कर दिया है। परिवार में बहन, पत्नी, मां और भाई राहुल का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

Related Post

डोडाचूरा तस्करी के दो आरोपियों की 1.60 करोड़ की संपत्ति फ्रीज, सफेमा न्यायालय ने प्रीतमनगर स्थित कृषि भूमि में दोनों के हिस्से किए अटैच, 81 किलो डोडाचूरा जब्ती मामले में हुई थी सजा
त्योहारों पर ऑनलाइन खरीदारी में रहें सतर्क, फर्जी छूट और संदेशों से हो सकती है ठगी, नकली खरीदारी की वेबसाइट, पार्सल संदेश, क्यूआर संकेत और फर्जी ग्राहक सेवा के जरिए ठगी की आशंका; रतलाम पुलिस ने जारी की साइबर सुरक्षा सलाह
कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप की माताजी श्रीमती तेजकुंवर बाई काश्यप का श्रद्धांजलि सभा में गुणानुवाद, मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, बोर्ड अध्यक्ष आदि ने किया स्मरण

You missed

error: Content is protected !!