• Thu. Oct 15th, 2026

फिर चड्डी-बनियान गैंग का आतंक, 25 मिनट में सूना मकान खंगाला, नकदी-जेवर ले उड़े, पास के घर में भी चोरी, मैगी बनाकर भी खाई, सीसीटीवी में चड्डी-बनियान पहने चार संदिग्ध कैद

BySurendra Jain

Aug 29, 2026

खबर पक्की, 29 अगस्त, रतलाम। शहर के आईए थाना अंतर्गत आसाराम नगर में गुरुवार रात चड्डी-बनियान गैंग ने दो सूने मकानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। चोरों ने कृषि विभाग के भूमि संरक्षण सर्वे अधिकारी के घर में महज करीब 25 मिनट में पूरा सामान खंगाल दिया और 60 हजार रुपए से अधिक नकदी के साथ सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। इसके बाद पड़ोसी के सूने मकान में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
वारदात का सबसे दिलचस्प पहलू यह रहा कि चोर कृषि अधिकारी के घर से एक शर्ट भी उठा ले गए। यही शर्ट बाद में दूसरे मकान में मिली। शर्ट में पेन भी लगा हुआ था, जिससे पुलिस ने उसे जब्त कर लिया है।
रात 3.45 बजे घुसे, 4.10 बजे निकल गए
कृषि अधिकारी जगदीश गणावा के अनुसार, गुरुवार रात करीब 3.45 बजे चार चोर उनके मकान में दाखिल हुए और करीब 4.10 बजे बाहर निकल गए। पड़ोसी के घर लगे सीसीटीवी कैमरे में चार संदिग्ध नजर आए हैं। फुटेज में एक व्यक्ति बाहर निगरानी करता दिखाई दे रहा है, जबकि तीन चोर घर के भीतर दाखिल हुए।
गणावा के ससुर मांगीलाल डामर मोहन नगर में रहते हैं। परिवार में गमी होने के कारण गणावा की पत्नी मुक्ता गणावा, जो शिक्षिका हैं, बेटा जलज और बेटी वंशिका वहां गए हुए थे। रात करीब 9.30 बजे पत्नी और बच्चों ने डर लगने की बात कही, जिसके बाद गणावा भी ससुर के घर चले गए।शुक्रवार सुबह करीब 8.30 बजे जब वे वापस अपने घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
अलमारी से पलंग पेटी तक सब खंगाला
चोरों ने घर में अलमारी, पलंग पेटी, डिब्बों सहित लगभग हर सामान को खंगाल डाला। घर में रखी कच्ची मैगी भी बिखरी मिली। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने वारदात के दौरान घर में मैगी भी खाई होगी। चोर घर से 60 हजार रुपए से अधिक नकदी, करीब 350 ग्राम चांदी की पायल, 12 ग्राम सोने की चेन, 3 ग्राम की सोने की अंगूठी और काफी मात्रा में चिल्लर ले गए। इसके अलावा एक शर्ट भी चोरी हुई, जिसमें पेन लगा हुआ था।
रक्षाबंधन मनाने गए थे, लौटे तो घर में चोरी
पड़ोस में रहने वाले शिवनारायण शर्मा का परिवार भी चोरी का शिकार हुआ। शर्मा परिवार के साथ 26 अगस्त की रात रक्षाबंधन मनाने बिजयनगर (राजस्थान) गए थे।शुक्रवार सुबह पड़ोस की एक महिला ने फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी। परिवार रात करीब 8.30 बजे वापस लौटा तो घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर सोने का मंगलसूत्र गायब मिला।चोर यहां एक डंडा और शर्ट छोड़ गए थे। पुलिस के अनुसार, यह वही शर्ट है जिसे चोर कृषि अधिकारी के घर से चुराकर ले गए थे।
सीसीटीवी में चड्डी-बनियान पहने चार संदिग्ध
कृषि अधिकारी के पड़ोसी दिलीप उपाध्याय के घर लगे सीसीटीवी कैमरे में चार संदिग्ध चड्डी-बनियान पहने नजर आए हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस इसे चड्डी-बनियान गैंग की वारदात मानकर जांच कर रही है।सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस सुबह दोनों मकानों पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लिए हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।

Related Post

डोडाचूरा तस्करी के दो आरोपियों की 1.60 करोड़ की संपत्ति फ्रीज, सफेमा न्यायालय ने प्रीतमनगर स्थित कृषि भूमि में दोनों के हिस्से किए अटैच, 81 किलो डोडाचूरा जब्ती मामले में हुई थी सजा
त्योहारों पर ऑनलाइन खरीदारी में रहें सतर्क, फर्जी छूट और संदेशों से हो सकती है ठगी, नकली खरीदारी की वेबसाइट, पार्सल संदेश, क्यूआर संकेत और फर्जी ग्राहक सेवा के जरिए ठगी की आशंका; रतलाम पुलिस ने जारी की साइबर सुरक्षा सलाह
कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप की माताजी श्रीमती तेजकुंवर बाई काश्यप का श्रद्धांजलि सभा में गुणानुवाद, मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, बोर्ड अध्यक्ष आदि ने किया स्मरण

You missed

error: Content is protected !!