• Mon. Oct 12th, 2026

मकान के तलघर में मिले महिला-पुरुष के शव, रतलाम में साले की पत्नी के साथ लिव-इन में रह रहा था युवक; सल्फास खाकर दी जान

BySurendra Jain

Aug 27, 2026

खबर पक्की, 27 अगस्त, रतलाम। जिले के ढोढर में गुरुवार सुबह निर्माणाधीन मकान के तलघर में एक महिला और पुरुष के शव मिले। मौके से सल्फास की गोलियां और सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस के अनुसार, नोट में दोनों ने अपनी मौत की जिम्मेदारी खुद लेने की बात लिखी है।
मृतकों की पहचान ईश्वरलाल प्रजापत (38) निवासी कलालिया और चंदाबाई निवासी प्रतापगढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई है। सुबह मकान मालिक निर्माणाधीन मकान पर पहुंचा था। तलघर में दोनों के शव पड़े देखकर उसने ढोढर पुलिस चौकी को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय, रिंगनोद थाना प्रभारी आनंदसिंह आजाद और ढोढर चौकी प्रभारी रघुवीर जोशी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा बनाकर दोनों शवों को जावरा सरकारी अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
एक साल से लिव इन में रह रहे थे
पुलिस की जांच में सामने आया कि ईश्वरलाल मकान बनाने की ठेकेदारी करता था। जिस निर्माणाधीन मकान में दोनों के शव मिले, उसका काम भी वही ठेके पर कर रहा था। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था और वे पिछले एक साल से लिव इन में रह रहे थे। दोनों ने ढोढर में किराए का मकान ले रखा था।
पुलिस के अनुसार, चंदाबाई ईश्वरलाल के साले की पत्नी थी। शवों की स्थिति और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बताया कि दोनों ने बुधवार रात करीब 12 से 1 बजे के बीच सल्फास की गोलियां खाई होंगी।
सुसाइड नोट में खुद को बताया जिम्मेदार
पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट बरामद किया है। इसमें दोनों ने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताया है और अपनी इच्छा से जान देने की बात लिखी है।
ढोढर चौकी प्रभारी रघुवीर जोशी ने बताया कि ईश्वरलाल पिछले एक साल से अपने साले की पत्नी के साथ लिव इन में रह रहा था। मौके से मिले सुसाइड नोट के आधार पर दोनों की मौत की जांच की जा रही है। मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया गया है। जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय ने बताया कि मामले में सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

You missed

error: Content is protected !!