• Sat. Aug 22nd, 2026

कंटेनर में कंबल की आड़ में छुपा कर ले जा रहे थे अवैध मादक पदार्थ, दो आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश

BySurendra Jain

Aug 22, 2026

खबर पक्की, 22 अगस्त, रतलाम। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिलपांक थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 106 किलो 47 ग्राम डोडाचूरा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ और कंटेनर की कुल कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
एसपी अमित कुमार द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों और बीट प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थों के परिवहन में संलिप्त संदिग्धों पर कड़ी निगरानी रखने तथा सूचना मिलने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में एएसपी विवेक कुमार लाल एवं राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला के निर्देशन में थाना प्रभारी बिलपांक मो. अय्युब खान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
21 अगस्त को पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि नारंगी रंग के कंटेनर में अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा भरकर सातरूंडा के रास्ते इंदौर की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सातरूंडा क्षेत्र में घेराबंदी की। इंदौर जाने वाले मार्ग पर एक ले-बाय में मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का कंटेनर खड़ा मिला। कंटेनर में मौजूद दो व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उनकी पहचान मोहनलाल पिता बगदीराम , उम्र 42 वर्ष, निवासी बराड़ा, थाना जावद, जिला नीमच तथा प्रेमचंद पिता केसुराम धाकड़, उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम रामपुरिया, थाना बेगूं, जिला चित्तौडग़ढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई।
कंटेनर की तलाशी लेने पर कंबलों के बीच छिपाकर रखे गए काले रंग के 6 कट्टे मिले। कट्टों की जांच करने पर उनमें डोडाचूरा भरा होना पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे से वजन करने पर कुल 106 किलो 47 ग्राम डोडाचूरा मिला, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया।इस मामले में थाना बिलपांक में धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे उक्त डोडाचूरा नीमच निवासी अनिल सिंह सोंधिया से लेकर आए थे। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस अब आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर डोडाचूरा की सप्लाई चेन, इसे कहां से लाया गया और किसे बेचने के लिए ले जाया जा रहा था, इस संबंध में पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी बिलपांक मो. अय्युब खान, उपनिरीक्षक अल्केश सिंगाड़, उपनिरीक्षक सुरेश गोयल, सउनि सतीश ठाकुर, प्र.आ. राहुल जाट, प्र.आर. तेजसिंह जगावत,हेमंत परमार,दिनेश खिंची, नरेन्द्रसिंह चावड़ा, प्र.आर.अनिल शुक्ला,संजय सोनी, आरक्षक रोशन राठौर,रोहित चौहान एवं नितेश निन्नौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

error: Content is protected !!