खबर पक्की, 22 अगस्त, रतलाम। पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता कांतिलाल भूरिया ने शनिवार को सरकार पर महंगाई, खाद की कमी और कालाबाजारी को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि शक्कर के दाम 75 रुपए किलो तक पहुंच गए हैं और अब इन्हें 100 रुपए किलो तक करने की बात कही जा रही है। भूरिया सर्किट हाउस में शहर कांग्रेस पदाधिकारियों से मुलाकात करने पहुंचे थे।
भूरिया ने कहा कि सरकार के पास शक्कर का पर्याप्त कोटा है, फिर भी कमीशन के चक्कर में कालाबाजारी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शक्कर न सोसायटियों पर पहुंच रही है और न ही दुकानों पर मिल रही है।
भूरिया ने कहा कि किसानों को खाद नहीं मिल रहा है। खाद के लिए लंबी लाइन में खड़े लोग चक्कर खाकर गिर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें खाद नहीं दिया जा रहा। उन्होंने पेट्रोल और डीजल के बढ़े दामों का भी मुद्दा उठाया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों ने कर्ज और लोन लेकर गाडिय़ां खरीदी हैं। ऐसे में उन्हें गाडिय़ां घर में खड़ी करने की बात क्यों कही जा रही है।
विदेशी उत्पादकों पर भी लगाए आरोप
भूरिया ने कहा कि नरेंद्र मोदी पर विदेशी पेट्रोल-डीजल उत्पादक भरोसा नहीं कर रहे हैं। इसी वजह से देश में पेट्रोल-डीजल की कमी आई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर संघर्ष करती रहेगी, ताकि जरूरी सामान लोगों को मिलता रहे।
बोले- नौजवानों को नौकरी नहीं मिल रही
कांग्रेस नेता ने कहा कि नौजवानों को नौकरी नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी नौजवानों के साथ खड़े हैं। भूरिया ने आरोप लगाया कि सरकार आरएसएस चला रही है और आरएसएस के लोग मालामाल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में कांग्रेस इसका जवाब देगी। इस दौरान कांग्रेस नेता शांतिलाल वर्मा, महेंद्र कटारिया, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट, राजीव रावत, लक्ष्मणसिंह डिंडौर, शैलेंद्रसिंह अठाना, इक्का बैलूत, सुजीत उपाध्याय सहित अन्य कांग्रेस नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
सरकार शक्कर की कालाबाजारी कर रही, रतलाम में बोले-कांग्रेस नेता कांतिलाल भूरिया, आरएसएस वाले मालामाल हो रहे
