• Fri. Nov 20th, 2026

बिलपांक में कलेक्टर ने किया विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण, राशन दुकान पर गेहूं-चावल की गुणवत्ता परखी

BySurendra Jain

Nov 20, 2026

खबर पक्की, 20 नवबंर, रतलाम। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर अजय कटेसरिया ने ग्राम बिलपांक में शासकीय आदिवासी बालक आश्रम छात्रावास, पशु औषधालय, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और सहकारी उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी वैशाली जैन, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने आदिवासी बालक आश्रम छात्रावास में बच्चों की पढ़ाई और लेखन कार्य का अवलोकन किया। बच्चों की सुंदर लिखावट एवं बेहतर लेखन देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर पढ़ाई के संबंध में जानकारी भी ली। कलेक्टर ने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा दी जा रही है, जो सराहनीय है। इसके बाद उन्होंने छात्रावास के शयन कक्षों का निरीक्षण कर बिस्तर, रजाई, चादरों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की व्यवस्था देखी।
पशु औषधालय में दवाइयों और उपचार की जानकारी ली
कलेक्टर ने पशु औषधालय का निरीक्षण कर पशुओं को उपलब्ध कराए जा रहे उपचार और दवाइयों की स्थिति जानी। उन्होंने औषधालय में उपलब्ध दवाइयों का अवलोकन करते हुए उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलपांक में कलेक्टर ने कक्षाओं और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने विद्यालय की बाउंड्रीवाल से जुड़ी समस्या से भी उन्हें अवगत कराया।
हाथों में गेहूं-चावल लेकर परखी गुणवत्ता
सहकारी उचित मूल्य दुकान के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने भंडार में रखे गेहूं और चावल को हाथों में लेकर उनकी गुणवत्ता परखी। उन्होंने खाद की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी लेते हुए किसानों से खाद वितरण में आ रही परेशानियों के बारे में भी पूछा। दुकान पर मौजूद विक्रेता से राशन वितरण, सहकारी समिति की गतिविधियों और गेहूं उपार्जन की तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बिलपांक क्षेत्र के किसानों की सुविधा के लिए स्थानीय स्तर पर गेहूं उपार्जन केंद्र शुरू करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बिलपांक में ही सुविधा मिलनी चाहिए। इस पर कलेक्टर ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि किसानों की सुविधा का ध्यान रखा जाएगा।

You missed

error: Content is protected !!