खबर पक्की, 19 नवंबर, रतलाम। बुधवार रात करीब 2 बजे इंदौर के एक व्यापारी से लूट हो गई। व्यापारी की पहचान हर्षित चंदानी के रूप में हुई है। वह चॉकलेट-बिस्किट का डिस्ट्रीब्यूटर है। वह नीमच, मंदसौर और जावरा से कलेक्शन करके ड्राइवर के साथ कार से इंदौर लौट रहा था। रतलाम-इंदौर फोरलेन पर महिंद्रा शो-रूम के पास वह टॉयलेट करने के लिए रुका था। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश कार में रखा बैग निकालकर भागने लगे। बैग में 10 लाख रुपए थे। सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने इसकी पुष्टि की है।
व्यापारी ने ड्राइवर के साथ बदमाशों का पीछा किया
स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम के मुताबिक, कार में ड्राइवर मौजूद था। बदमाशों को बैग लेकर भागते देख व्यापारी और ड्राइवर ने उनका पीछा किया। दोनों ने बदमाशों को पकड़ लिया। इस दौरान उनकी बाइक भी गिर गई। व्यापारी ने बदमाशों से बैग छीन लिया। इसके बाद बदमाश बाइक उठाकर वहां से भाग गए।
कुछ देर बाद दोनों बदमाश वापस लौटे और व्यापारी व ड्राइवर पर पत्थरों से हमला कर दिया। इसके बाद वे बैग छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश शुरू की।
एसपी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे
लूट की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद एसपी अमित कुमार, एएसपी राकेश पंद्रों, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम, औद्योगिक थाना प्रभारी अमित कोरी और अन्य पुलिसकर्मी भी पहुंचे। अधिकारियों ने व्यापारी से घटना की जानकारी ली।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। पुलिस को आशंका है कि बदमाश पहले से व्यापारी की कार का पीछा कर रहे होंगे। फिलहाल मामले की जांच और बदमाशों की तलाश जारी है।
इंदौर के चॉकलेट-बिस्किट डिस्ट्रीब्यूटर से 10लाख की लूट:पत्थरों से हमला कर बैग छीन ले गए बाइक सवार बदमाश, टॉयलेट करने रुका था व्यापारी
