खबर पक्की, 20 नवबंर, रतलाम। शहर के इंद्रानगर में रहने वाले एक परिवार के लिए शुक्रवार की सुबह काल बनकर आई। हरियाणा के रोहतक जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में रतलाम के एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनका 22 वर्षीय बेटा शामिल है। हादसे की खबर से रतलाम में परिवार और परिचितों के बीच शोक की लहर फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इंद्रानगर निवासी करमजीत गुरुवार शाम अपनी पत्नी और बड़े बेटे के साथ कार से पंजाब स्थित अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हुए थे। कार करमजीत स्वयं चला रहे थे। शुक्रवार सुबह हरियाणा के रोहतक जिले के घिलौड़ गांव के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दुर्घटना में तीनों की मौत हो गई। उनके शव फिलहाल रोहतक के अस्पताल के पोस्टमॉर्टम रूम में रखे गए हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद रतलाम से अन्य परिजन रोहतक के लिए रवाना हो गए हैं।
परिवार का छोटा बेटा रतलाम में ही अपने दादा-दादी के पास था। बताया जा रहा है कि करमजीत के माता-पिता को फिलहाल हादसे की जानकारी नहीं दी गई है।एक साथ परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर ने सभी को झकझोर दिया है। इंद्रानगर में रहने वाले इस परिवार के साथ हुई त्रासदी से परिचितों और रिश्तेदारों में मातम पसरा हुआ है।
रतलाम के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, हरियाणा में सड़क हादसे में पति-पत्नी और 22 वर्षीय बेटे की मौत, रोहतक के पास हुआ हादसा, इंद्रानगर में रहता था परिवार
