• Fri. Nov 20th, 2026

प्राचीन बावडिय़ों के संरक्षण के लिए जिलेभर में चलेगा विशेष अभियान, सभी बावडिय़ां होंगी चिन्हित, बिलपांक में कलेक्टर अजय कटेसरिया ने किया निरीक्षण, आयुष्मान आरोग्य मंदिर में अतिरिक्त डॉक्टर की व्यवस्था के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश

BySurendra Jain

Nov 20, 2026

खबर पक्की, 20 नवबंर, रतलाम। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर अजय कटेसरिया ने ग्राम बिलपांक का भ्रमण कर आयुष्मान आरोग्य मंदिर, आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-2, ऐतिहासिक विरूपाक्ष मंदिर एवं प्राचीन बावडिय़ों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बिलपांक स्थित प्राचीन बावडिय़ों का निरीक्षण करते हुए उनकी ऐतिहासिक महत्ता को देखते हुए संरक्षण एवं साफ-सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में स्थित सभी प्राचीन बावडिय़ों को चिन्हित कर उनके संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि ऐतिहासिक धरोहरों को सुरक्षित रखा जा सके।
विरूपाक्ष मंदिर में किए दर्शन और पूजा-अर्चना
कलेक्टर ने ऐतिहासिक विरूपाक्ष मंदिर पहुंचकर मंदिर की प्राचीनता एवं ऐतिहासिक महत्ता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना भी की। आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने दवाइयों के भंडार का अवलोकन करते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र में एक अतिरिक्त डॉक्टर की व्यवस्था के लिए प्रस्ताव तैयार कर भोपाल भेजें, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
बच्चों के बीच बैठकर भोजन की गुणवत्ता जानी
कलेक्टर आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-2 पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों के बीच बैठकर उनसे आत्मीयता से बातचीत की। उन्होंने बच्चों से आंगनबाड़ी में प्रतिदिन मिलने वाले भोजन के बारे में पूछा और भोजन का स्वाद कैसा है, इसकी जानकारी भी ली। बच्चों को दिए जाने वाले भोजन के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने साझा चूल्हा व्यवस्था का जायजा लेते हुए निर्देश दिए कि बच्चों को नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही भोजन व्यवस्था को केंद्रीकृत तरीके से संचालित करने की दिशा में कार्य करने को कहा, ताकि भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था में सुधार हो सके। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी वैशाली जैन, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

You missed

error: Content is protected !!