• Sat. Aug 22nd, 2026

सराफा व्यापारी से करोड़ों की लूट में एक और फरार आरोपी इंदौर से गिरफ्तार, 80 लाख के सोने-चांदी के जेवरात बरामद

BySurendra Jain

Aug 22, 2026

खबर पक्की, 22 अगस्त, रतलाम। सराफा व्यापारी के साथ हुई करोड़ों रुपये की लूट के मामले में रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी गौरव गुर्जर भागीरथ गुर्जर, निवासी हरसोला, इंदौर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूट के 502 ग्राम सोने और 1 किलो 270 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। बरामद मशरूका की कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई गई है।
बस में मारपीट कर सराफा व्यापारी से लूटा था आभूषणों से भरा बैग
मामला 13 अगस्त का है। फरियादी अर्पित पिता ललित कुमार चोरडिय़ा , निवासी जैन कॉलोनी रतलाम, सोने-चांदी के आभूषणों का व्यवसाय करते हैं। वे व्यापारिक कार्य से बडऩगर गए थे और काम पूरा करने के बाद बस से रतलाम लौट रहे थे।रात करीब 9.15 से 9.30 बजे के बीच हनुमान चौकी, उमरथाना फंटा क्षेत्र में आरोपियों ने बस में उनके साथ मारपीट की और आभूषणों से भरा बैग लूट लिया। फरियादी की रिपोर्ट पर बिलपांक थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर डकैती और आपराधिक षड्यंत्र की संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गईं।
300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार के निर्देशन में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। एएसपी विवेक कुमार लाल एवं एएसपी राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला के निर्देशन में पुलिस ने घटनास्थल से लेकर बडऩगर तक विभिन्न मार्गों पर लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।साइबर तकनीकी साक्ष्यों और मैदानी पुलिसिंग के माध्यम से आरोपियों की पहचान की गई।
पहले 7 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस पहले ही 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। उनके कब्जे से 4.167 किलोग्राम सोने के 238 नग जेवरात तथा 4.047 किलोग्राम चांदी के 183 नग जेवरात, डिब्बों सहित बरामद किए जा चुके हैं।
मामले में फरार चल रहे गौरव गुर्जर की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार प्रयास कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने मकान के पास एक खाली मकान में अन्य आरोपियों को छुपाकर उनकी मदद की थी। इसके बदले में आरोपी को लूट का एक हिस्सा भी मिला था।
आरोपी के हिस्से में आए लूट के जेवरात भी बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही और उसके कब्जे से लूटे गए माल में से 502 ग्राम सोने के जेवरात और 1 किलो 270 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये है।पुलिस अब आरोपी से अन्य संलिप्त व्यक्तियों और लूट के बाकी मशरूका के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
फरार आरोपी की गिरफ्तारी और लूटे गए मशरूका की बरामदगी में निरीक्षक अय्यूब खान (थाना प्रभारी बिलपांक), प्रधान आरक्षक राहुल जाट, नरेन्द्र चावड़ा, निलेश पाठक, दिलीप रावत तथा आरक्षक संजय सोनी, रोशन राठौर और माखन सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

error: Content is protected !!