• Sun. Aug 2nd, 2026

सोशल मीडिया पर कमलनाथ के बाद अब ‘चीफ मिनिस्टर सिंधिया’ ट्रेंड

BySurendra Jain

Jul 8, 2018

भोपाल। विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे सोशल मीडिया पर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ती जा रही है। कांग्रेस में वेटिंग फॉर सीएम के रूप में पार्टी भले ही चेहरा घोषित नहीं कर रही हो, लेकिन टि्वटर और फेसबुक पर कमलनाथ के बाद अब ज्योतिरादित्य सिंधिया को भावी सीएम के रूप में पेश किया जा रहा है। हालांकि टि्वटर पर जो लोग इस हैशटैग के साथ ट्वीट कर रहे हैं, वे वही लोग हैं जो एक दिन पहले कमलनाथ को नेक्स्ट सीएम बनाने के लिए ट्वीट कर रहे थे। टि्वटर ट्रेंड में शुक्रवार तक जहां कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाने की बात उठ रही थी, वहीं शनिवार को इसमें सिंधिया ट्रेंड थे। रात नौ बजे तक करीब 1100 से ज्यादा लोगों ने राय दी।

कमलनाथ को सीएम बनाने का ट्वीट करने वाले निशीथ सरन नामक टि्वटर अकाउंट से सिंधिया को भी सीएम बनाने की बात कही गई है। ऐसे ही ‘ओए घमंडी पंडिताइन’ अकाउंट से भी ‘यही शाश्वत सत्य है अगला सीएम ज्योतिरादित्य है’ लिखा गया है। निशीथ सरन ने लिखा है ‘क्यों पड़े हो चक्कर में, कोई नहीं है टक्कर में।’ फेसबुक पर आरएसएस के नाम से बने एक अकाउंट पर ‘कमलनाथ के बाद चीफ मिनिस्टर सिंधिया, लगता है एमपी में कांग्रेस नहीं आ पाएगी’ टिप्पणी की गई है। टि्वटर पर रोहन समीर के अकाउंट पर लिखा है- कल कमलनाथ आज चीफ मिनिस्टर सिंधिया, लगता है कल दिग्विजय सीएम ट्रेंड हो जाएगा।

टि्वटर पर पोस्ट- मुख्यमंत्री होंगे श्रीमंत

बउआ नाम के टि्वटर अकाउंट से महाभारत के पोस्टर पर ‘दिग्विजय बनें द्रोण, सारथी बनें कमलनाथ, श्रीमंत बनें अर्जुन, मध्यप्रदेश है आपके साथ” टिप्पणी कर कांग्रेस का उत्साहवर्धन किया है। सयन नाम के टि्वटर अकाउंट पर लिखा है कि ‘बहुत हुई ‘कमल’ की मार, अबकी बार सिंधिया सरकार’।

error: Content is protected !!