• Fri. Aug 21st, 2026

8 साल से पीएम आवास का नहीं मिला लाभ : ग्रामीणों ने जताया विरोध, जिला पंचायत का लगाया गेट; पुलिस को बुलाना पड़ा

BySurendra Jain

Aug 21, 2025

खबर पक्की, 21 अगस्त, रतलाम। गांव घटला के ग्रामीणों को 8 साल से पीएम आवास का लाभ नहीं मिला है। ग्रामीण कांग्रेस नेताओं के साथ बुधवार को जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे। ऑफिस का गेट लगाकर बाहर सड़क पर धरने पर बैठे गए। कुछ देर बाद अतिरिक्त सीईओ निर्देशक शर्मा आए। ग्रामीणों को तकनीकी समस्या बताते हुए आवास का लाभ शासन स्तर से दिलवाने का आश्वासन दिया। लेकिन कांग्रेस नेता व ग्रामीण नहीं माने।
बिना सूचना धरना देने और जिला पंचायत का गेट बंद करने पर पुलिस को शासकीय कार्य में बाधा की शिकायत कर दी। पुलिस पहुंची। ग्रामीणों को समझाया। उसके बाद वापस अतिरिक्त सीईओ को बुलाया और ज्ञापन सौंपा।
एक साल से बता रहे समस्या
रतलाम ग्रामीण युवा कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्रसिंह सेजावता, मानवेंद्रसिंह लुनेरा के साथ ग्राम पंचायत घटला के नई भटूनी, बोरवाना, डीजलशेड क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीण जिला पंचायत पहुंचे थे। जिला पंचायत के मुख्य गेट को बंद कर दिया। गेट के बाहर ही धरने पर बैठ गए।
जानकारी लगने पर अतिरिक्त सीईओ निर्देशक शर्मा आए। उन्होंने सरकार की नई नीति से अवगत कराते हुए कहा कि 274 पात्र लोगों के नाम जोड़े गए है। जिन लोगों के नाम सूची में नहीं आए है उनके नाम भी जोड़े जाएंगे। ताकि सभी पात्र को पीएम आवास मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि जो भी अपना नाम इस योजना में जुड़वाना चाहता है वह ग्राम पंचायत में जाकर आवेदन दे सकता है।
ग्रामीणों का कहना था सिंतबर 2024 में जिला पंचायत सीईओ को इस बारे में अवगत कराया था। उस समय भी आश्वासन दिया था। 8 साल से आवास योजना का लाभ नहीं मिला है। ग्रामीण व कांग्रेस नेता बात सुनने के लिए तैयार नहीं थे। तब एसीईओ लौट गए। ग्रामीण व कांग्रेस नेता धरने पर बैठ गए।
पुलिस को बुलाना पड़ा
काफी देर तक जब ग्रामीण व कांग्रेस नेता गेट के बाहर से नहीं हटे। बाहर ही धरने पर बैठे रहे। तब अतिरिक्त सीईओ ने स्टेशन रोड पुलिस को शासकीय कार्य में बाधा की शिकायत दर्ज करवा दी। थाने से पुलिस पहुंच गई। ग्रामीणों से चर्चा की। इसके बाद वापस ग्रामीण ज्ञापन देने के लिए तैयार हुए।
कांग्रेस नेता व एसीईओ के हुई बहसबाजी
अतिरिक्त सीईओ शर्मा वापस आए। उन्होंने कहा कि आपकी समस्या सुन ली है। आप ज्ञापन दे दीजिए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं व ग्रामीणों की बहसबाजी हो गई। ग्रामीणों का कहना था कि हमें 8 साल से केवल आश्वासन मिल रहा है। तब अतिरिक्त सीईओ ने कहा कि आप मुझसे क्या चाहते है। आवास देने का काम मेरा नहीं शासन का है। उसकी एक प्रक्रिया होती है। हम जो कर सकते हैं वो कर रहे हैं। तभी कांग्रेस नेता भी बहसबाजी करने लगे। तब अतिरिक्त सीईओ ने कहा ज्ञापन देना हो तो दो, नखरे मत दिखाओ। हम हमारे स्तर पर सारी प्रक्रिया करेंगे। इसके बाद ग्रामीणों ने ज्ञापन दिया। अतिरिक्त सीईओ ने ग्रामीणों को समय पर ग्राम पंचायत से जुड़े सारे टैक्स भरने की भी समझाइश दी।
8 साल से ग्रामीण परेशान
रतलाम ग्रामीण कांग्रेस युवा अध्यक्ष देवेंद्रसिंह सेजावता ने बताया घटला गांव शहीद चंपालाल का गांव है। तत्कालीन सीएम 12 साल पहले इसे आदर्श गांव घोषित कर चुके है। 8 साल से ग्रामीणों को पीएम आवास योजना का लाभ नहीं मिला। एक साल पहले भी आवेदन दिया था। केवल आश्वासन दिया जा रहा है।
तकनीकी समस्या से नाम हट गए-अतिरिक्त सीईओ
अतिरिक्त सीईओ निर्देशक शर्मा ने कहा कि ग्रामीणों की समस्या हमने सुनी है। इसका कारण बताया है। तकनीकी समस्या के कारण इनके नाम हट गए है। शासन द्वारा नया सर्वे कराया है। नए सर्वे में 274 लोगों के नाम जोड़े है। शासन से स्वीकृत होते ही इन्हें आवास योजना का लाभ दिया जाएगा। यदि कोई पात्र व्यक्ति आवास योजना में नाम जुड़वाने से वंचित रहता है तो वह भी ग्राम पंचायत में आवेदन देकर अपना नाम जुड़वा सकता है। बिना सूचना दिए गेट बंद कर धरना दिया है। इससे शासकीय कार्य प्रभावित हुआ। इन्हें समझाया, लेकिन नहीं माने तो पुलिस में शिकायत करनी पड़ी।

You missed

error: Content is protected !!