खबर पक्की, 7 अक्टूबर, रतलाम। करीब दो साल पहले रतलाम की कलीमी कॉलोनी में हुई करीब 50 लाख रुपए के सोने के आभूषणों की चोरी का पुलिस ने एसपी अमित कुमार के निर्देशन में खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में राजस्थान के अजमेर जिले के 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना बताया है। पुलिस अब अंतरराज्यीय गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के साथ ही रतलाम सहित अन्य क्षेत्रों में हुई चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार 17 सितंबर 2024 की रात कलीमी कॉलोनी निवासी फरियादी अपनी पत्नी के साथ कम्युनिटी हॉल में खाना खाने गए थे। घर पर ताला लगाया गया था, जबकि लकड़ी की अलमारी खुली छोड़ दी गई थी। रात करीब 9.45 बजे जब दंपती वापस घर लौटे तो अलमारी में रखे सोने के आभूषण गायब मिले। अज्ञात चोर घर में प्रवेश कर लाखों रुपए के आभूषण चोरी कर ले गया था।
फोटो और तकनीकी साक्ष्यों से मिली कड़ी
दो साल पुराने इस मामले को सुलझाने के लिए डीडी नगर पुलिस ने घटना से संबंधित उपलब्ध फोटो और अन्य साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। लगातार किए गए प्रयासों के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
पुलिस ने कालू पिता रतनलाल (22), निवासी ग्राम छपनेर, जिला अजमेर, राजस्थान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना बताया है। पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी संभावित वारदातों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
अन्य वारदातों का भी हो सकता है खुलासा
आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने रतलाम के अलावा किन-किन शहरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर रवाना की गई है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद दो साल पुराने इस मामले के साथ अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
दो साल पुरानी चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, अजमेर के 22 वर्षीय आरोपी को पकड़ा, पूछताछ में साथियों के साथ चोरी की वारदातें करना कबूला, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
