खबर पक्की, 8 अक्टूम्बर, रतलाम । बलराम कृषि महोत्सव-2026 के अंतर्गत कृषि उपज मंडी रतलाम में आयोजित कार्यक्रम का अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जिले के उन्नतशील किसानों का सम्मान किया गया।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री मनोज लदवे भी कार्यक्रम में शामिल हुए उन्होंने विभिन्न कृषि प्रदर्शनियों का अवलोकन कर किसानों द्वारा किए जा रहे नवाचारों एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी ली।
कार्यक्रम को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि रतलाम की धरती अद्भुत है। यहां किसान खेती में बदलाव के साथ अलग-अलग प्रकार की खेती कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले के उन्नत किसानों श्रीमती रेखा व्यास, कन्हैयालाल पाटीदार, धर्मेंद्र जाट, प्रवीण सिंह एवं दिलीप पाटीदार से सीधा संवाद किया। किसानों ने आधुनिक खेती, बागवानी, दुग्ध उत्पादन एवं दूध प्लांट सहित विभिन्न नवाचारों के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं शहर विधायक चैतन्य कश्यप, जावारा विधायक राजेंद्र पांडे, ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, अपेक्स बैंक चेयरमैन महेंद्र यादव, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक कपिल यादव, रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष शंकरलाल पाटीदार,भाजपा नेता हरिराम शाह, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष रामसिंह सिसोदिया एवं जिला महामंत्री बद्रीलाल चौधरी , मंडल उपाध्यक्ष पुष्कर द्विवेदी सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
बलराम कृषि महोत्सव के माध्यम से किसानों को आधुनिक खेती, जैविक एवं प्राकृतिक कृषि तथा शासन की किसान हितैषी योजनाओं से जुड़ी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में किसानों का सम्मान, कृषि प्रदर्शनी और मुख्यमंत्री का उन्नत किसानों से सीधा संवाद प्रमुख आकर्षण रहा।
उक्त जानकारी भाजपा किसान मोर्चा जिला मीडिया प्रभारी राकेश पांचाल द्वारा दी गई !


